"200 मीटर तक घसीटता गया ट्रक, मासूम और दादी समेत 3 की मौत" झांसी में नवजात नातिन को देखकर लौट रहे परिवार को ट्रक ने रौंदा
पीछे से बाइक में मारी थी ट्रक ने टक्कर
UP News: झांसी के बबीना थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया. इस हादसे में एक मासूम बच्चे, उसकी दादी और एक पड़ोसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
UP News: झांसी के बबीना थाना क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में चार वर्षीय मासूम संस्कार उर्फ भानू और उसकी दादी उर्मिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई. बाइक चला रहे पड़ोसी रविंद्र पाल और बच्चे के दादा आनंद रजक घायल हुए. दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 12 बजे रविंद्र ने दम तोड़ दिया. हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बीएचईएल स्थित महिमा ढाबे के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ.
टक्कर के बाद 200 मीटर तक बाइक को घसीटता रहा ट्रक
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. बाइक पर सबसे आगे चार वर्षीय भानू बैठा था. ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका सिर और एक पैर धड़ से अलग हो गया. उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, दादी उर्मिला का सिर भी कुचल गया और उन्होंने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया. हादसे के बाद करीब 50 मीटर तक शवों के टुकड़े बिखर गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
बेटी और नवजात नातिन को देखने अस्पताल गई थीं उर्मिला
आनंद रजक बबीना थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में रहते हैं. वह खेती-किसानी के साथ मजदूरी करते हैं. उनकी बेटी शिवानी की शादी नोनेर गांव में हुई थी. शिवानी गर्भवती थीं और प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज के पास न्यू टाटा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया. बुधवार को आनंद और उनकी पत्नी उर्मिला बेटी और नवजात नातिन को देखने अस्पताल पहुंचे थे. आनंद बाइक नहीं चला पाते थे, इसलिए पड़ोसी गांव सुकुवां निवासी रविंद्र पाल को साथ लेकर गए थे. दादी को जाते देखकर भानू भी साथ चलने की जिद करने लगा. उसके रोने पर उर्मिला उसे अपने साथ ले गई थीं.
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में मचा कोहराम
अस्पताल से रात करीब 8:30 बजे सभी लोग बाइक से घर लौट रहे थे. बीएचईएल स्थित महिमा ढाबे के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे की जानकारी मिलने पर भानू के पिता महेंद्र अस्पताल पहुंचे. एंबुलेंस में घायल पिता आनंद और रविंद्र को देखकर वह लगातार अपने बच्चे और मां के बारे में पूछते रहे. जब उन्हें भानू और उर्मिला की मौत की जानकारी मिली तो वह रोते हुए बेहोश हो गए. परिजनों ने उन्हें संभाला. महेंद्र खेती-किसानी करते हैं. भानू उनके दो बेटों में छोटा था, जबकि बड़ा बेटा सत्तू छह साल का है.
11 महीने पहले हुई थी रविंद्र की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले रविंद्र पाल की शादी 11 महीने पहले डोली से हुई थी. उनके पिता सियाराम पाल दिव्यांग हैं. रविंद्र से छोटे तीन भाई विशाल (15), रामवीर (10), अनुराग (8) और एक बहन अर्चना (16) हैं. पिता के दिव्यांग होने और भाई-बहनों के छोटे होने के कारण रविंद्र मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे. रविंद्र की मौत की खबर सुनकर उनकी पत्नी डोली और मां इमरती बेसुध हो गईं.
पीछे से बाइक में मारी थी ट्रक ने टक्कर
सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि ट्रक झांसी से ललितपुर की ओर जा रहा था. उसने पीछे से बाइक को टक्कर मारी. हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल का इलाज चल रहा है. पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर बबीना थाने में केस दर्ज किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कोमल अग्रवाल
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए