"हाथ में बंद पर्ची, दिल में कई राज" फर्रुखाबाद में रेलवे ट्रैक के पास मिली 17 वर्षीय कोमल की लाश, मची अफरा-तफरी
रेलवे अंडरपास के पास मिली युवती की लाश
UP News: फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास 17 वर्षीय युवती कोमल का शव मिलने से सनसनी फैल गई. उसके हाथ से मिले एक कागज के टुकड़े से मामले की जांच तेज हो गई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
UP News: फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास 17 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. युवती की पहचान कायमगंज कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मईहादीदादपुर के नगला मुकुट निवासी अमोद कुमार शर्मा की बेटी कोमल के रूप में हुई है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है.
घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मिला शव
परिजनों के मुताबिक, कोमल ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रही थी. उसके बड़े भाई कौशल शर्मा ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब चार बजे कोमल घर से निकल गई थी. उस समय उसकी मां सोनी देवी, कौशल और गगन घर में सो रहे थे. सुबह करीब सात बजे जब परिजन जागे तो कोमल घर में नहीं मिली. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई.
रेलवे अंडरपास के पास मिली युवती की लाश
तलाश के दौरान ग्रामीणों से रेलवे ट्रैक के पास युवती का शव पड़े होने की जानकारी मिली. इसके बाद परिजन शमशाबाद थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत किसरोली स्थित रेलवे अंडरपास के पास पोल संख्या 159/15 के नजदीक पहुंचे, जहां कोमल का शव मिला. सूचना मिलने पर पीआरबी 112 चौकी इंचार्ज फैजबाग प्रदीप कुमार, आरपीएफ दरोगा हीरालाल गौतम और कांस्टेबल अनुज कुमार भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के साथ घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए.
हाथ से मिला कागज का टुकड़ा, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को युवती के हाथ से एक कागज का टुकड़ा भी मिला है. इसी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है. कोमल के पिता अमोद कुमार शर्मा जयपुर में सिलाई का काम करते हैं. चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कोमल अग्रवाल
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए