चौकी में चल रही थी दोनों पक्षों की बातचीत, अचानक बाहर आया मोनू… पेट्रोल डाला और खुद को लगा ली आग
चौकी से बाहर आया मोनू, पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
UP News: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना हुई, जहां एक युवक ने पुलिस चौकी के बाहर पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली. घटना के बाद हड़कंप मच गया और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई.
UP News: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. नेहरू गार्डन पुलिस चौकी में दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर बातचीत चल रही थी. इसी दौरान मोनू अचानक चौकी से बाहर आया और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली. घटना से चौकी के बाहर अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई और युवक को अस्पताल पहुंचाया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पुराने विवाद को लेकर फिर हुआ था झगड़ा
जानकारी के मुताबिक, मोनू खोड़ा के नेहरू गार्डन कॉलोनी में परिवार के साथ रहता है. कॉलोनी में पानी का काम करने वाले कुछ लोगों से उसका पुराना विवाद चल रहा है. इसी विवाद को लेकर बुधवार रात दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा हो गया. इसके बाद दोनों पक्ष नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पहुंचे. दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी.
चौकी में चल रही थी दोनों पक्षों से बातचीत
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाया था. यहां पुलिस दोनों पक्षों से मामले को लेकर बातचीत कर रही थी. इसी दौरान मोनू अचानक गुस्से में चौकी से बाहर निकल आया. इसके बाद उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया. कुछ ही देर बाद उसने माचिस की तिल्ली जलाकर खुद को आग लगा ली.
आग लगते ही मच गई अफरा-तफरी
मोनू के खुद को आग लगाने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. पुलिसकर्मी तुरंत चौकी से बाहर आए. स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई गई. इसके बाद पुलिस ने मोनू को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. चिकित्सकों ने उसकी हालत सुरक्षित और खतरे से बाहर बताई है.
मोबाइल कैमरे में कैद हुई घटना
मोनू के खुद को आग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह पहले अपने ऊपर पेट्रोल डालता दिखाई दे रहा है. इसके बाद वह माचिस जलाकर खुद को आग लगा लेता है. वीडियो में मोनू के पास कुछ लोग मोबाइल से घटना रिकॉर्ड करते भी नजर आ रहे हैं. आग लगते ही मौके पर शोर-शराबा शुरू हो जाता है. इसके बाद पुलिसकर्मी बाहर आते हैं और आग बुझाने में जुट जाते हैं.
पुलिस ने क्या कहा?
एसीपी इंदिरापुरम (कार्यवाहक) अमित सक्सेना ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. मामले में दोनों पक्षों ने अपने-अपने प्रार्थना पत्र पुलिस को दिए थे. उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. पुलिस पूरे विवाद और युवक के इस कदम से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है.
Also Read: JE पर हमला कर भाग नहीं पाया रोडवेज कर्मचारी, अस्पताल में पुलिस ने दबोचा; 1.24 लाख का जुर्माना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए