बाथरूम में आखिर किसका था वो कैमरा ऑन मोबाइल? छात्राओं की नजर पड़ी तो उठे गंभीर सवाल, वार्डन पर केस

Updated:
विज्ञापन

बाथरूम में कैमरा ऑन मोबाइल मिलने से गर्ल्स हॉस्टल में हड़कंप, वार्डन पर लगा रिकॉर्डिंग का आरोप

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP News: गोरखपुर के एक गर्ल्स हॉस्टल में उस वक्त सनसनी फैल गई जब छात्राओं को बाथरूम के टीन शेड में एक कैमरा ऑन मोबाइल मिला. मोबाइल का रुख टॉयलेट की ओर था, जिससे हड़कंप मच गया. छात्राओं ने महिला वार्डन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं.

विज्ञापन

UP News: गोरखपुर के मोहद्दीपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में बाथरूम के अंदर कैमरा ऑन मोबाइल मिलने से हड़कंप मच गया. छात्राओं ने आरोप लगाया कि मोबाइल बाथरूम में इस तरह रखा गया था कि कैमरे का रुख टॉयलेट की ओर था. शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मोबाइल कब्जे में ले लिया. छात्राओं की शिकायत पर महिला वार्डन आरती के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब मोबाइल की तकनीकी जांच कर पूरे मामले की सच्चाई पता करने में जुटी है.

विज्ञापन

टीन शेड में रखा था मोबाइल, छात्रा की पड़ी नजर

मामला कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर इलाके का है. यहां एक गर्ल्स हॉस्टल में अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली युवतियां रहती हैं. हॉस्टल में 20 कमरे हैं. इनमें करीब 26 छात्राएं रह रही हैं. पुलिस के मुताबिक, करीब दो दिन पहले एक छात्रा हॉस्टल में रहने आई थी. 8 सितंबर की रात वह बाथरूम गई. इसी दौरान उसकी नजर बाथरूम के टीन शेड में रखे एक मोबाइल फोन पर पड़ी. मोबाइल को देखकर छात्रा को शक हुआ. उसने पहले अपने फोन से उस मोबाइल का वीडियो बनाया. इसके बाद उसने हॉस्टल की दूसरी छात्राओं को बुलाया और पूरी बात बताई.

कैमरा ऑन था और टॉयलेट की तरफ था रुख

छात्राओं का आरोप है कि बाथरूम में मिला मोबाइल एंड्रॉयड फोन था. उसका कैमरा ऑन था और कैमरे का रुख टॉयलेट की ओर था. यह देखते ही हॉस्टल में हड़कंप मच गया. छात्राओं ने मोबाइल को चेक किया. उनका दावा है कि उसमें कुछ छात्राओं के बाथरूम के वीडियो भी मिले. छात्राओं के अनुसार, मोबाइल में कथित तौर पर 5 से 6 लड़कियों के वीडियो मौजूद थे. हालांकि, मोबाइल में वास्तव में कितने वीडियो हैं और उनमें क्या रिकॉर्ड हुआ है, इसकी पुष्टि पुलिस की तकनीकी जांच के बाद ही होगी.

छात्राओं ने बनाया वीडियो, डायल 112 पर दी सूचना

घटना के बाद कुछ छात्राओं ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया. इसके बाद पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पीआरवी और कैंट थाने की पुलिस रात करीब 12 बजे हॉस्टल पहुंची. पुलिस ने छात्राओं और महिला वार्डन से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान सामने आया कि बाथरूम में मिला मोबाइल वार्डन का बताया गया. पुलिस ने फोन को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी.

वार्डन ने बताई मोबाइल रखने की दूसरी वजह

छात्राओं ने वार्डन पर बाथरूम में मोबाइल रखकर रिकॉर्डिंग करने का आरोप लगाया है. वहीं, पूछताछ में वार्डन ने पुलिस को मोबाइल रखने की अलग वजह बताई. वार्डन के अनुसार, बाथरूम के पास इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड डालने के लिए डस्टबिन रखा गया है. उनका आरोप है कि कुछ छात्राएं पैड डस्टबिन में डालने के बजाय इधर-उधर फेंक देती थीं. इससे वहां गंदगी होती थी. वार्डन का कहना है कि गंदगी कौन कर रहा है, यह पता लगाने के लिए उन्होंने मोबाइल को रिकॉर्डिंग मोड में रखा था. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी. वार्डन ने यह भी कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए हॉस्टल की दूसरी जगहों पर कैमरे लगे हुए हैं.

परिजनों को भी दी गई जानकारी

मोबाइल मिलने के बाद हॉस्टल में काफी देर तक हंगामा हुआ. छात्राओं ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को भी दी. 9 सितंबर की रात छात्राओं ने पुलिस से शिकायत की. शिकायत में आरोप लगाया गया कि वार्डन आरती ने 8 सितंबर को बाथरूम में मोबाइल रखकर छात्राओं की रिकॉर्डिंग की. शिकायत के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने वार्डन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

मोबाइल की जांच से खुलेगा पूरा राज

पुलिस ने महिला वार्डन को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. मोबाइल फोन भी कब्जे में है. अब उसकी तकनीकी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल में क्या रिकॉर्ड हुआ था. उसमें कितने वीडियो मौजूद हैं. ये वीडियो कब रिकॉर्ड किए गए और क्या पहले भी इस तरह की रिकॉर्डिंग हुई थी.

एसपी सिटी ने क्या कहा?

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मामले में महिला वार्डन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस की जांच मोबाइल फोन में मौजूद कथित रिकॉर्डिंग और उसे बाथरूम में रखे जाने की वजह पर केंद्रित है.

Also Read: चौकी में चल रही थी दोनों पक्षों की बातचीत, अचानक बाहर आया मोनू… पेट्रोल डाला और खुद को लगा ली आग

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola