इस दिवाली-छठ नहीं छूटेगा अपनों का साथ! यूपी-बिहार के यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, फटाफट देखें रूट और टाइमिंग
यूपी-बिहार के यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनों का ऐलान
त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे दो नई फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें चलाएगा. ये ट्रेनें अक्टूबर से दिसंबर तक चलेंगी और यूपी-बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत देंगी.
Diwali Chhath Special Trains: दिवाली और छठ समेत त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे दो नई फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन करेगा. ये ट्रेनें अक्टूबर से दिसंबर के बीच चलेंगी. इनमें योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल और अमृतसर-बरौनी-अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस शामिल हैं. दोनों ट्रेनों के चलने से उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी.
ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल के होंगे 6-6 फेरे
योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल ट्रेन संख्या 04312/04311 योग नगरी ऋषिकेश से 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी. वापसी में कोलकाता से यह ट्रेन 18 अक्टूबर से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को रवाना होगी. दोनों दिशाओं में इसके छह-छह फेरे होंगे. ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के कुल 18 कोच लगाए जाएंगे. ऋषिकेश से ट्रेन रात 10:20 बजे चलेगी और हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, आलमनगर, उतरठिया, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, वाराणसी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया और धनबाद होते हुए अगले दिन सुबह 8 बजे कोलकाता पहुंचेगी. वापसी में कोलकाता से ट्रेन दोपहर 1:55 बजे चलेगी.
अमृतसर-बरौनी स्पेशल से यूपी-बिहार के यात्रियों को सुविधा
दूसरी ट्रेन अमृतसर-बरौनी-अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस (04668/04667) होगी. यह ट्रेन अमृतसर से 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी, जबकि बरौनी से 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को रवाना होगी. दोनों दिशाओं में इसके नौ-नौ फेरे होंगे और ट्रेन में सामान्य, स्लीपर व एसी श्रेणी के कुल 20 कोच रहेंगे. अमृतसर से ट्रेन रात 8:10 बजे रवाना होकर ब्यास, जालंधर सिटी, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आलमनगर, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ और वाराणसी होते हुए आगे बढ़ेगी.
वाराणसी, बलिया, छपरा और हाजीपुर होकर पहुंचेगी बरौनी
अमृतसर से चलने वाली ट्रेन आगे औंड़िहार जंक्शन, बलिया, छपरा और हाजीपुर होते हुए बरौनी जंक्शन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन 04667 बरौनी से सुबह 5:05 बजे चलेगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए अमृतसर पहुंचेगी. रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए