मेरठ में 1500 रुपये के लिए उठाया ऐसा जोखिम, छत्ता तोड़ने 25 फीट ऊपर चढ़ा युवक, फिर ऐसा क्या हुआ कि गई जान? जानें पूरा मामला
25 फीट ऊपर चढ़ा युवक
Meerut News: मेरठ में 1500 रुपये के काम के लिए मधुमक्खियों का छत्ता तोड़ने चढ़ा युवक दर्दनाक मौत का शिकार हो गया. छत्ते से भागने की कोशिश में वह 25 फीट ऊंचे टिन शेड से गिर गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी जान चली गई.
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में मधुमक्खियों का छत्ता तोड़ना एक युवक को भारी पड़ गया. 1500 रुपये में छत्ता तोड़ने के लिए टिन शेड पर चढ़े युवक पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. इससे बचने के दौरान वह करीब 25 फीट ऊंचे टिन शेड से नीचे गिर गया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब पांच घंटे के उपचार के बाद उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे और पेपर मिल के गेट पर धरने पर बैठ गए.
1500 रुपये में मिला था छत्ता तोड़ने का काम
जानकारी के अनुसार, पसवाड़ा पेपर्स लिमिटेड के परिसर में करीब 25 फीट ऊंचे टिन शेड पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था. गाजियाबाद के ठेकेदार विकास ने छत्ता तोड़ने के लिए राहुल वाल्मीकि को 1500 रुपये में बुलाया था. बुधवार सुबह करीब नौ बजे राहुल छत्ता तोड़ने के लिए टिन शेड पर चढ़ा था.
मधुमक्खियों ने किया हमला, नीचे गिरा युवक
राहुल छत्ता तोड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया. मधुमक्खियों के हमले के बाद राहुल करीब 25 फीट ऊंचे टिन शेड से नीचे गिर गया. घटना के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने धुआं किया और राहुल को नीचे उठाया. इसके बाद उसे इलाज के लिए केएमसी अस्पताल ले जाया गया.
पांच घंटे के इलाज के बाद हुई मौत
अस्पताल में राहुल का करीब पांच घंटे तक उपचार चला, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को परिजन राहुल का शव लेकर घर पहुंचे. इसके बाद गांव के लोगों के साथ वे पसवाड़ा पेपर मिल के गेट पर पहुंच गए और वहां धरने पर बैठ गए.
17 लाख की आर्थिक मदद के बाद मामला शांत
परिजनों और ग्रामीणों के पेपर मिल के गेट पर पहुंचने के बाद वहां हंगामा शुरू हो गया. एसओ अजय शुक्ला के अनुसार, पेपर मिल प्रबंधन की ओर से पीड़ित परिवार को 17 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई. इसके बाद परिजन और ग्रामीण मान गए और वहां से चले गए. पीड़ित परिवार ने लिखित रूप से दिया कि वे इस मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं चाहते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए