बहराइच में तेंदुए का कहर: घर में सो रही बुजुर्ग महिला को चारपाई से खींच ले गया, हल्दी के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव
बहराइच में तेंदुए का कहर
Bahraich Leopard Attack: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर में अकेली सो रही 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला को तेंदुआ चारपाई सहित खींच ले गया. सुबह हल्दी के खेत में महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में खौफ का माहौल है.
Bahraich Leopard Attack: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया. सुजौली थाना क्षेत्र में रात के समय एक तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और चारपाई पर सो रही 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला को खींचकर ले गया. सुबह महिला का क्षत-विक्षत शव घर के पास हल्दी के खेत में मिला. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
घर में अकेली सो रही थी बुजुर्ग महिला
मृतक महिला की पहचान सुजौली थाना क्षेत्र के सीताराम पुरवा निवासी फूलावती (86) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि फूलावती घर में अकेली रहती थीं. उनका बेटा राजस्थान में रहकर मजदूरी करता है. बुधवार रात फूलावती घर के अंदर चारपाई पर सो रही थीं. घर में दरवाजा नहीं होने के कारण तेंदुआ आसानी से अंदर घुस गया और महिला को चारपाई से खींचकर बाहर ले गया.
हल्दी के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव
बताया जा रहा है कि तेंदुआ महिला को घसीटते हुए घर के बगल में स्थित हल्दी के खेत में ले गया. वहां तेंदुए ने महिला के सिर और पैर का हिस्सा खा लिया. इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हल्दी के खेत में महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर सुजौली थानाध्यक्ष राम गोविंद वर्मा, उपनिरीक्षक चंदन यादव, सुमित कुमार और कुश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को खेत से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
तेंदुए को पकड़ने की मांग, तलाश में जुटी टीम
घटना के बाद ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर डर का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द पिंजरा लगाने की मांग की है. फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है.
Must Read: “250 रुपये किस बात के?” लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों से वसूली का आरोप, शिकायत के बाद जांच के आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए