'जो कुर्सी कल जानी है, वह आज ही चली जाए...' CM योगी के इस बयान के बाद UP में मची सियासी हलचल
बाराबंकी में CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वे कहते सुनाई दे रहे हैं, 'जो कुर्सी कल जानी है, वह आज चली जाए, मुझे इसकी चिंता नहीं है.' उन्होंने विकास के लिए विजन और समय की आवश्यकता पर जोर दिया.
UP Politics: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें सीएम योगी कहते सुनाई दे रहे हैं, “जो कुर्सी कल जानी है, वह आज चली जाए, मुझे इसकी चिंता नहीं है.” उन्होंने कहा कि सरकार को विकास के लिए विजन और समय दोनों चाहिए. सीएम ने दावा किया कि 2017 से पहले मुख्यमंत्री नोएडा और धार्मिक स्थलों पर जाने से डरते थे, क्योंकि उन्हें कुर्सी जाने का डर रहता था. उन्होंने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने इन धारणाओं को तोड़ने का काम किया.
'जनता ने हमेशा के लिए विदा किया'
सीएम योगी ने कहा कि जब उन्हें नोएडा जाने को लेकर कुर्सी खिसकने की बात बताई गई तो उन्होंने कहा कि अगर कुर्सी जानी है तो आज ही चली जाए, लेकिन वह जनता के लिए काम करने आए हैं. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के नेता जनता के बीच जाने से डरते थे. योगी ने दावा किया कि जनता ने ऐसे नेताओं को हमेशा के लिए सत्ता से विदा कर दिया है.
सपा पर दंगा कराने का आरोप
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग खुद को नहीं संभाल सकते, वे प्रदेश और 25 करोड़ जनता को क्या संभालेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में दंगे होते थे और दंगाइयों के सामने सरकार घुटने टेकती थी. संभल की घटना का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि एक व्यक्ति ने दंगा कराने का प्रयास किया, जिसके खिलाफ अब सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है.
सीएम योगी के इस बयान की चर्चा तेज
सीएम योगी आदित्यनाथ के “जो कुर्सी कल जानी है, वह आज चली जाए” वाले बयान के बाद यूपी की सियासत गरमा गई है. मुख्यमंत्री के इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. विपक्षी दलों की ओर से इस पर प्रतिक्रिया आने की संभावना है, वहीं बीजेपी समर्थक इसे योगी आदित्यनाथ के बेबाक तेवर और जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से जोड़कर देख रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी सीएम योगी के इस बयान की खूब चर्चा हो रही है. यह भी पढ़ें: 'आओ बच्चू, मैं तुम्हें दंगा कराना सिखा देता हूं-कैसे दंगा होता है...' सीएम योगी का बयान सोशल मीडिया पर वायरल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










