CM Yogi News : खेलोगे तो खिलोगे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौजवानों से कहा
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 06 Dec 2025 10:22 AM
सीएम योगी
CM Yogi News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया. उन्होंने नौजवानों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हर युवा से अपेक्षा करते हैं कि वह किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़े.
CM Yogi News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौजवानों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हर युवा से अपेक्षा करते हैं कि वह किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़े, क्योंकि “खेलोगे तो खिलोगे”। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के रीजनल स्टेडियम में आयोजित ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज सप्तम अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता-2025 के समापन अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेता उत्तर प्रदेश और उपविजेता पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर की टीम को पुरस्कृत किया और खिलाड़ियों को बधाई दी.
स्वस्थ शरीर से ही संभव है जीवन के सभी लक्ष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धर्म, कर्तव्य और जीवन के सभी लक्ष्य स्वस्थ शरीर से ही पूरे किए जा सकते हैं. स्वस्थ शरीर तभी संभव है जब व्यक्ति नियमित रूप से शारीरिक फिटनेस पर ध्यान दे. उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है. आज भारत के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ और विश्व चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सांसद-विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं हों या ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियान, हर स्तर पर खिलाड़ियों को अवसर मिल रहा है. इससे युवाओं में खेल के प्रति नई जागरूकता पैदा हुई है.
यूपी में तेजी से बढ़ रही खेल सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहले से तीन स्पोर्ट्स कॉलेज थे, लेकिन अब सरकार ने निर्णय लिया है कि हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज, हर जिले में स्टेडियम और ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा. गांव-गांव में खेल मैदान और ओपन जिम बनाए जा रहे हैं. पंचायतों को मिलने वाली वित्तीय धनराशि में भी खेल गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने बताया कि मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर खेल विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है और इस वर्ष से वहां पहला शैक्षणिक सत्र भी शुरू हो चुका है. प्रदेश में तैयार की जा रही खेल सुविधाएं ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स के मानकों के अनुरूप विकसित की जा रही हैं.
12 टीमों के 168 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्रतियोगिता लगातार सात वर्षों से आयोजित हो रही है. इस बार प्रतियोगिता में 12 टीमों के 168 खिलाड़ियों और 24 कोच-मैनेजर ने प्रतिभाग किया. इसमें राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, विदर्भ, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर रेलवे, भारतीय सेना, जेबी एकेडमी और उत्तर प्रदेश की टीमें शामिल रहीं.
खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी और सुरक्षा की गारंटी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है. ओलंपिक, एशियन, कॉमनवेल्थ और विश्व चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी दी जा रही है. खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, तहसीलदार समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब यदि कोई खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने जाता है, तो वह समय उसकी सरकारी सेवा का हिस्सा माना जाएगा. साथ ही सरकारी नौकरी में चयनित खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पूरा अवसर दिया जाएगा. अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों में समायोजित कर चुकी है.
खेल से विकसित होता है अनुशासन, सहयोग और आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि कबड्डी जैसे खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. कबड्डी में रेड, टेकल और बोनस प्वाइंट केवल खेल नहीं बल्कि नए भारत की ऊर्जा का प्रतीक हैं. खेल युवाओं में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम वर्क की भावना विकसित करता है. खेल यह सिखाता है कि सफलता व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास से मिलती है.
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










