CM योगी ने विधान भवन में फहराया तिरंगा, शहीदों को नमन कर बोले- आजादी का मतलब गरीबी और अशिक्षा से मुक्ति भी
ध्वजारोहण करते सीएम योगी आदित्यनाथ
CM Yogi Adityanath Speech: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर विधान भवन से देश और उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण संदेश दिया. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन करते हुए कहा कि भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, और उत्तर प्रदेश भी बदलाव की दिशा तय कर रहा है.
UP Independence Day CM Yogi Adityanath Speech: सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास और विधान भवन में तिरंगा फहराया. आजादी के 80वें जश्न पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन से देश और उत्तर प्रदेश के लिए बड़ा संदेश दिया. तिरंगा फहराने के बाद सीएम योगी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन किया और कहा कि आज भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने उत्तर प्रदेश को लेकर कहा कि प्रदेश सिर्फ बदल नहीं रहा, बल्कि बदलाव की दिशा भी तय कर रहा है. कानून-व्यवस्था से लेकर विकास तक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी का असली मतलब गरीबी, अशिक्षा, पिछड़ेपन और असमानता से मुक्ति भी है.
वीर सपूतों के बलिदान को किया नमन
सीएम योगी ने कहा कि 1947 में लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद देश को आजादी मिली. यह स्वतंत्रता भारत माता के महान सपूतों, बलिदानियों की तपस्या और उनके त्याग का परिणाम है. उन्होंने कहा कि देश ने अलग-अलग समय पर गुलामी के खिलाफ संघर्ष किया और स्वतंत्रता की लौ कभी बुझने नहीं दी. 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम इसी सामूहिक संघर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव था. उन्होंने कहा कि बैरकपुर में शहीद मंगल पांडे, झांसी में रानी लक्ष्मीबाई और मेरठ में धन सिंह कोतवाल जैसे वीरों के नेतृत्व में आजादी की भावना मजबूत हुई. गांव-गांव, जनपद और प्रांतों में एक ही संकल्प था कि देश को विदेशी दासता से मुक्त कराना है.
आजादी का मतलब सिर्फ राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी का अर्थ केवल राजनीतिक स्वतंत्रता हासिल करना नहीं है. इसका मतलब अराजकता, पिछड़ेपन, गरीबी, अशिक्षा और असमानता से भी पूरी तरह मुक्ति पाना है. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण देश लंबे समय तक कमजोर होता रहा. सीएम योगी ने कहा कि आजादी के 79 वर्ष पूरे होने के बाद 80वें स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के साथ देश आगे बढ़ रहा है. यह अवसर केवल समारोह तक सीमित रहने का नहीं, बल्कि स्वतंत्रता के व्यापक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करने की नई प्रेरणा लेने का भी है.
140 करोड़ लोगों को मिलकर निभानी होगी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति, संप्रदाय या जाति की नहीं है. भारत के 140 करोड़ लोगों को सामूहिक रूप से इस प्रयास को आगे बढ़ाना होगा. हर नागरिक को अपने क्षेत्र में देश के विकास और मजबूती के लिए समान रूप से योगदान देना चाहिए.
1857 की क्रांति ने जगाई थी आजादी की लौ
सीएम योगी ने कहा कि बैरकपुर में शहीद मंगल पांडे, झांसी में रानी लक्ष्मीबाई और मेरठ में धन सिंह कोतवाल के नेतृत्व में स्वतंत्रता की लौ दिखाई दी. गांव, जनपद और प्रांत स्तर पर लोगों के मन में एक ही विश्वास और भाव था कि भारत को विदेशी गुलामी से मुक्त कराना है. यही सामूहिक भावना आगे चलकर देश की आजादी के संघर्ष की मजबूत आधारशिला बनी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







