लखनऊ की सड़कों पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, नितिन नवीन के स्वागत में दिखी 2027 मिशन की झलक

Updated:
विज्ञापन
Nitin Navin and yogi adityanath news

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीन नवीन का स्वागत करते सीएम योगी

UP Politics News: लखनऊ में भाजपा ने नितिन नवीन के स्वागत में शक्ति प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की ताकत की झलक देखने को मिली.

विज्ञापन

UP Politics News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर लखनऊ पहुंचे और रोड शो किया. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उत्तर प्रदेश का यह उनका पहला संगठनात्मक दौरा है, जिसे 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. उनके आगमन के साथ ही राजधानी लखनऊ में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन भी शुरू हो गया. चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नवीन का स्वागत किया. एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया.

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक रोड शो

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबे मार्ग पर भव्य रोड शो का आयोजन किया गया था. रास्ते में 40 से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां पार्टी कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधि उनका स्वागत किया. कई स्थानों पर पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उनका अभिनंदन किया गया था. भाजपा ने स्वागत कार्यक्रम को सामाजिक समरसता से जोड़ते हुए करीब 25 विभिन्न समाजों की भागीदारी सुनिश्चित की. इनमें ब्राह्मण, यादव, लोधी, राजभर, निषाद, कुशवाहा, मौर्य, पटेल, कायस्थ, वैश्य, क्षत्रिय, विश्वकर्मा, पासी, वाल्मीकि, सिंधी, सिख, बंगाली, मराठी सहित अनेक समुदायों के प्रतिनिधि शामिल रहे. पार्टी का उद्देश्य संगठन और समाज के बीच संवाद को और मजबूत करना बताया जा रहा है.

कार्यक्रम को लेकर की गयी थी व्यापक तैयारियां

उत्तर प्रदेश ने स्वागत कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं. मार्ग के अलग-अलग हिस्सों में विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, पार्षदों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्रत्येक स्वागत स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है, जिससे लखनऊ भाजपा के झंडों और बैनरों से पूरी तरह सजी दिखाई दे रही है. प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे. बैठक में बूथ सशक्तिकरण, आगामी अभियानों, संगठन विस्तार और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी. इसके अलावा वे सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और एनडीए सहयोगी दलों के नेताओं के साथ भी अलग-अलग बैठक करेंगे.

हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष

शाम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक और रात्रिभोज का कार्यक्रम निर्धारित है. रविवार को वे अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे तथा पार्टी संगठन को आगामी चुनावों के लिए दिशा देंगे. भाजपा के लिए यह दौरा केवल संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने, संगठन को मजबूत करने और सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा उत्तर प्रदेश में भाजपा के चुनावी अभियान की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: यूपी के पत्रकारों को भी मिलेगा इलाज में पांच लाख तक की छूट, CM योगी अब शुरू करेंगे नया ऑनलाइन पोर्टल

विज्ञापन
राधेश्याम कुशवाहा

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola