पेठा और जूते का बाज़ार बनेगा वर्ल्ड क्लास! आगरा के 30 हुनरमंदों को मिला 2.16 करोड़ का लोन, चमकेगा ताजनगरी का कारोबार
आगरा कारोबारियों को लोन
राज्य सरकार की 'एक जनपद एक उत्पाद' (ODOP) योजना के तहत आगरा के 30 उद्यमियों को 2.16 करोड़ रुपये के ऋण को मंजूरी मिली है. इससे ताजनगरी के पारंपरिक हुनर और स्थानीय कारोबार को नया आयाम मिलेगा. पेठा, जूता और पराठा जैसे उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा.
Agra ODOP Scheme: ताजनगरी आगरा के पारंपरिक हुनर और स्थानीय उद्यमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य सरकार की 'एक जनपद एक उत्पाद' (ODOP) योजना के तहत आगरा के 30 उद्यमियों के लिए 2.16 करोड़ रुपये के ऋण को मंजूरी मिल गई है, जिससे ज़िले में स्वरोजगार और स्थानीय कारोबार को एक नया आयाम मिलेगा.
बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक का प्रदर्शन बेहतर
बैंकवार आंकड़ों के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा ने 11 प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिनमें से 9 मामलों में 70.3 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया. वहीं केनरा बैंक ने 8 प्रस्ताव स्वीकृत किए और 5 आवेदकों को 12.03 लाख रुपये वितरित किए. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने भी 4 प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए 40 लाख रुपये का ऋण जारी किया है. दूसरी ओर, एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ इंडिया में कई आवेदन लंबित या निरस्त हुए हैं. कुल 10 आवेदन अलग-अलग कारणों से निरस्त किए गए.
पेठा, जूता और पराठा कारोबार को मिलेगा सहारा
ओडीओपी योजना के तहत आगरा के स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों से जुड़े कारोबार को बढ़ावा दिया जा रहा है. इसमें जूता, पेठा और पराठा जैसे उत्पादों के साथ रेस्तरां कारोबार भी शामिल है. योजना का उद्देश्य इन उत्पादों से जुड़े कारोबारियों को वित्तीय सहायता और प्रोत्साहन देकर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है. इसके तहत उत्पादों के निर्माण, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को भी बढ़ावा दिया जाता है.
रियायती ऋण के साथ सब्सिडी का प्रावधान
उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त अनुज कुमार के अनुसार, ODOP योजना के तहत नए और मौजूदा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को बैंकों के माध्यम से रियायती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है. इसके साथ मार्जिन मनी अनुदान यानी सब्सिडी का भी प्रावधान है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ पारंपरिक हस्तशिल्प और उद्योगों को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए