Kashi Tamil Sangamam: एक भारत श्रेष्ठ भारत का संकल्प है काशी तमिल संगमम्, पीएम मोदी कल करेंगे उद्घाटन
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 18 Nov 2022 5:51 PM
काशी तमिल संगमम् (Kashi Tamil Sangamam) में एक महीने तक तमिलनाडु की विविध कलाओं की झलक दिखेगी. 30 दिनों के समागम में 51 सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. काशी में तमिलनाडु के विभिन्न विषयों से जुड़े ढाई हजार मेहमान शामिल होंगे.
Varanasi: देश की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी काशी में एक महीने तक चलने वाले काशी तमिल संगमम् (Kashi Tamil Sangamam) का उद्घाटन 19 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे. काशी तमिल संगमम् के माध्यम से द्रविण संस्कृति के केंद्र बिंदु तमिलनाडु की संस्कृति, खान-पान, गीत-संगीत का काशी में सीधे साक्षात्कार होने जा रहा है. भगवान विश्वेश्वर की धरती पर रामेश्वर की संस्कृति प्रकाशमान होगी. योगी सरकार इस आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई है.
Kashi Tamil Sangamam के लिये वाराणसी में बीएचयू के एम्फी थिएटर ग्राउंड में तमिलनाडु की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने के लिए 75 स्टाल आकार ले रहे हैं. इनमे तमिलनाडु के हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम से बने उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा. इसके अलावा फ्रीडम फाइटर्स पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. नेशनल बुक ट्रस्ट की प्रदर्शनी, सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ़ लैंग्वेज की ओर से प्रदर्शनी और पब्लिक कन्वर्सेशन का भी आयोजन होगा. 30 दिन तक चलने वाले काशी तमिल संगमम् में 51 सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. इसमे तमिलनाडु के करीब-करीब सभी रंग दिखेंगे.
तमिलनाडु की संस्कृति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुख्यतः मीनाक्षी चितरंजन का भरतनाट्यम, तमिलनाडु का फोक म्यूजिक, इरुला व अन्य ट्राइबल नृत्य, विल्लुपाट्ट एक प्राचीन संगीतमय कथा-कथन, पौराणिक ऐतिहासिक ड्रामा, शिव पुराण, रामायण और महाभारत पर आधारित कठपुतली शो देखने को मिलेंगे. ये आयोजन दर्शाएंगे कि काशी और तमिलनाडु की भाषा, खान-पान, रहन सहन भले ही अलग हो, लेकिन अभिव्यक्ति का तरीका और इसकी आत्मा एक ही है.
तमिल कार्तिक महीने की शुरुआत 17 नवंबर से होने के साथ ही वाराणसी में काशी तमिल संगमम् का आग़ाज हो चुका है. लेकिन इसका विधिवत उद्घाटन 19 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे. काशी तमिल संगमम् में 12 अलग-अलग समूहों में लगभग 2500 से 3000 लोग तमिलनाडु से 18 नवंबर को वाराणसी पहुंचेंगे. हर ग्रुप की यात्रा 8 दिन की होगी. जिसमे 2 दिनों की यात्रा तमिलनाडु से वाराणसी पहुंचने की भी शामिल होगी.
तमिलनाडु से आया दल दो दिन वाराणसी में रहेगा. वहां वह हनुमान घाट पर गंगा स्नान, सुब्रह्मण्य भारती के आवास पर जाना, काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन, सारनाथ आर्कियोलॉजिकल साइट एंड म्यूजियम, गंगा आरती और 84 घाटों का नाव से अवलोकन और शाम को बीएचयू में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होना शामिल है. वाराणसी के बाद दो दिनों में प्रयागराज और अयोध्या की यात्रा भी प्रस्तावित है और फिर दो दिनों की वापसी की यात्रा होगी.
काशी तमिल संगमम् के लिये रामेश्वरम, चेन्नई व कोयंबटूर से 3 ट्रेन में अतिरिक्त 3 स्पेशल कोच लगेंगे.जो दो दिन के अंतराल पर प्रति सप्ताह काशी आएंगे. कार्यक्रम का नोडल मंत्रालय शिक्षा मंत्रालय है. आईआईटी चेन्नई और काशी हिंदू विश्वविद्यालय को इस कार्यक्रम के लिए नोडल इंस्टीट्यूट नियुक्त किया गया है.
सभी ग्रुप के लिए वाराणसी के दिन भी निश्चित हो गए हैं. छात्रों का दल 19 से 20 नवंबर, हस्तशिल्पियों का दल 22 और 23 नवंबर, साहित्यकारों का दल 23 व 24 नवंबर, अध्यात्म जगत से जुड़े लोगों का दल 26 से 27 नवंबर, व्यवसाय जगत से जुड़े लोगों का दल 30 नवंबर से 1 दिसंबर, शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों का दल 2 से 3 दिसंबर, हेरिटेज से जुड़े लोगों का दल 4 व 5 दिसंबर को काशी में होगा.
नवउद्यमियों का दल 7 व 8 दिसंबर को, प्रोफेशनल्स का दल 8 व 9 दिसंबर को, मंदिर के पुजारियों, महंतों और अर्चकों का दल 10 व 11 दिसंबर को, ग्रामीण-कृषकों का दल 13 व 14 दिसंबर को, संस्कृतिकर्मियों का दल 15 व 16 दिसंबर को काशी तमिल संगमम् में शामिल होगा. भ्रमण के दूसरे दिन इन सब ग्रुप के 3 घंटे के विषय संबंधित कार्यक्रम होंगे. जिसमें से 7 कार्यक्रम बीएचयू में, 2 कार्यक्रम श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में और 3 कार्यक्रम ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में आयोजित होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










