राउरकेला के सिविल टाउनशिप में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, महिला सरगना समेत 4 गिरफ्तार
छापेमारी करती पुलिस
राउरकेला के सिविल टाउनशिप में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में महिला सरगना, उसके सहयोगी और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है.
राउरकेला: शहर के सिविल टाउनशिप क्षेत्र के एल ब्लॉक में रविवार देर रात पुलिस ने एक किराये के मकान में संचालित कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया. रघुनाथपाली थाना पुलिस की इस कार्रवाई में दो युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि महिला सरगना, उसके सहयोगी और दो ग्राहकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि ओरामपाड़ा, उदितनगर की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला और उसका एक रिश्तेदार किराये के मकान से यह अवैध गतिविधि संचालित कर रहे थे. जांच में यह भी पता चला है कि झारखंड और कोलकाता से युवतियों को लाकर इस अवैध कारोबार में लगाया जाता था. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
महिला सरगना और सहयोगी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में कटक की मूल निवासी और वर्तमान में सिविल टाउनशिप के एल ब्लॉक में किराये पर रहने वाली सुषमा प्रधान (59) तथा उसका सहयोगी दशरथ तांती (65) शामिल हैं. इसके अलावा सेक्टर-15 सी ब्लॉक और डीएवी लेन निवासी दो युवकों को कथित ग्राहक के रूप में गिरफ्तार किया गया है.
दो युवतियों को सुरक्षित निकाला गया
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान से दो युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. साथ ही कमरे से कुछ आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया गया है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
इलाके में आक्रोश
सिविल टाउनशिप जैसे रिहायशी और संभ्रांत इलाके में कथित सेक्स रैकेट संचालित होने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों ने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ऐसे अवैध कारोबार पर स्थायी रूप से रोक लगाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मुख्य बिंदु
- सिविल टाउनशिप के एल ब्लॉक में किराये के मकान पर छापेमारी.
- दो युवतियों को रेस्क्यू किया गया.
- महिला सरगना, सहयोगी और दो कथित ग्राहक गिरफ्तार.
- झारखंड और कोलकाता से युवतियां लाने के आरोप की जांच.
- पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी.
ये भी पढ़ें...
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










