ePaper

Bhubaneswar News: जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा के लिए ओडिशा सरकार लगायेगी एंटी-ड्रोन तकनीक

Updated at : 24 May 2025 12:02 AM (IST)
विज्ञापन
Bhubaneswar News: जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा के लिए ओडिशा सरकार लगायेगी एंटी-ड्रोन तकनीक

Bhubaneswar News: ओडिशा के कानून मंत्री ने पुरी में प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान श्रीमंदिर की सुरक्षा बढ़ाये जाने की जानकारी दी.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: संभावित आतंकवादी खतरों के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से एंटी-ड्रोन तकनीक स्थापित करने की योजना बनायी है. राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी.

खतरनाक या अनधिकृत ड्रोन को पहचानने में सक्षम होगी तकनीक

मंत्री ने बताया कि कानून विभाग ने ओडिशा पुलिस के साथ मिलकर इस 12वीं सदी के पवित्र मंदिर को ऐसी प्रणाली से सुसज्जित करने पर विचार कर रही है, जो किसी भी अनधिकृत या खतरनाक ड्रोन को पहचानने, उसका पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने में सक्षम होगी. उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में एंटी-ड्रोन तकनीक लगने से यह प्रणाली किसी भी संभावित खतरनाक या अनधिकृत ड्रोन को पहचानने, ट्रैक करने और निष्क्रिय करने में सक्षम होगी. यह कदम 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद देशभर में बढ़ी सुरक्षा चिंताओं के बीच उठाया जा रहा है. मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आवश्यक हुआ, तो श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन इस एंटी-ड्रोन प्रणाली की लागत का खर्च वहन करेगा. इसके अलावा हरिचंदन ने घोषणा की कि ओडिशा सरकार राज्यभर में मनायी जाने वाली रथ यात्राओं के लिए आर्थिक सहायता बढ़ायेगी. कानून विभाग रथ निर्माण समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक खर्चों में सहायता करेगा, ताकि यह परंपरागत त्योहार बिना किसी बाधा के भव्य रूप से संपन्न हो सके.

ओडिशा सरकार 20 जून तक नयी आबकारी नीति घोषित करेगी: मंत्री

ओडिशा के आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार की नयी आबकारी नीति 20 जून तक घोषित कर दी जायेगी. हरिचंदन ने संवाददाताओं से कहा कि हम आगामी तीन वर्षों के लिए सुनियोजित तरीके से नयी आबकारी नीति लागू करेंगे. हमने विभिन्न राज्यों की आबकारी नीतियों का अध्ययन करने के लिए कई दल गठित किये हैं और इन दलों ने अपना दौरा शुरू भी कर दिया है। यही कारण है कि सरकार नयी नीति तैयार करने में कुछ समय ले रही है. मंत्री ने बताया कि आबकारी सचिव के नेतृत्व में एक दल जल्द ही आंध्र प्रदेश का दौरा करने वाला है. उन्होंने कहा कि दल के दौरे के बाद नयी नीति की घोषणा संभवतः 15 जून से 20 जून के बीच कर दी जायेगी.

राज्यभर में चलेगा नशा मुक्ति अभियान

हरिचंदन ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर नशा मुक्ति अभियान शुरू करेगी. उन्होंने बताया कि इस अभियान में छात्र, समुदाय, युवा और महिलाएं शामिल होंगी. हरिचंदन ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत करेंगे. उन्होंने बताया कि यह अभियान 26 जून तक जारी रहेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola