ओडिशा के जंगल में दिखे 5 वनमानुष, भारत में नहीं पाए जाते ये प्रजाति, आखिर कहां से आए?
ओडिशा के जंगल में दिखे 5 वनमानुष (Photo/X)
ओडिशा के बालासोर जिले के जंगल में 5 युवा ओरंगुटान का मिलना एक बड़ा रहस्य बन गया है. ये जानवर भारत में प्राकृतिक रूप से नहीं पाए जाते, जिससे वन विभाग और स्थानीय लोग हैरान हैं. जानिए इनकी जंगल में मौजूदगी की पूरी कहानी.
ओडिशा के बालासोर जिले के जंगल में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने वन विभाग से लेकर स्थानीय लोगों तक को हैरान कर दिया है. यहां मंगलवार सुबह 5 छोटे ओरंगुटान (वनमानुष) मिले हैं. लेकिन आश्चर्य की बात है कि ये जानवर भारत में प्राकृतिक रूप से नहीं पाए जाते. फिलहाल वन विभाग ने सभी पांचों को रेस्क्यू कर लिया है और अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ये ओरंगुटान हजारों किलोमीटर दूर से ओडिशा के जंगल तक कैसे पहुंचे.
जंगल में कैसे पहुंचे ये ओरंगुटान?
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, बालासोर के भोगराई इलाके में बिचित्रपुर कैसुरिना जंगल के पास ग्रामीणों ने इन जानवरों को देखा था. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पांचों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया. फिलहाल उन्हें वन विभाग के कार्यालय में निगरानी में रखा गया है और उनकी मेडिकल जांच की जा रही है. वन अधिकारियों के मुताबिक, इनकी उम्र करीब 1 से 2 साल होने का अनुमान है. अधिकारियों ने बताया कि अभी यह पता लगाया जा रहा है कि ये जानवर यहां तक कैसे पहुंचे.
ये भी पढ़ें: J&K Snowfall Video: गुलमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी, खूबसूरत हुआ नजारा
क्या इंटरनेशनल तस्करी से जुड़ा है मामला?
इस घटना ने वन्यजीव तस्करी का एंगल भी सामने ला दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारियों को शक है कि इन्हें अवैध तरीके से लाया गया है और बाद में जंगल में छोड़ दिया गया. हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. ओडिशा के वन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि पांचों ओरंगुटान कहां से आए और इन्हें यहां किसने छोड़ा. मामले की जांच में वन्यजीव अपराध से जुड़ी एजेंसियों की भूमिका भी सामने आ सकती है.
ये भी पढ़ें: बचपन से आप दुनिया का गलत मैप देखते आ रहे हैं? भारत समेत इन देशों का आकार असल में कितना है
ओरंगुटान भारत में क्यों नहीं पाए जाते?
ओरंगुटान दक्षिण-पूर्व एशिया के वर्षावनों में पाए जाते हैं, खासकर बोर्नियो और सुमात्रा में. ये गंभीर रूप से संकटग्रस्त प्रजातियों में शामिल हैं. ऐसे में भारत के एक तटीय जंगल में पांच युवा ओरंगुटान का एक साथ मिलना बेहद असामान्य है. फिलहाल पांचों ओरंगुटान वन विभाग की निगरानी में हैं. उनकी सेहत की जांच की जा रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही तय किया जाएगा कि उन्हें कहां रखा जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए