मैकेनिक इंजीनियर की नौकरी गई तो दहशत फैलाने के लिए ट्रेन से हाईवे तक रखने लगा 'बम', गिरफ्तार

पुलिस की ओर से मीडिया को दी गई जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा में ट्रेन और हाईवे पर बम रखकर लोगों में दहशत पैदा करने वाला यह व्यक्ति उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है.
रीवा : मध्य प्रदेश की रीवा पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो इंजीनियरिंग की नौकरी चले जाने के बाद ट्रेन से लेकर हाईवे तक बम रखकर दहशत फैलाने का काम करता था. पुलिस के अनुसार, इंजीनियर की नौकरी जाने के बाद यह आदमी लोगों में दहशत फैलाने का काम शुरू कर दिया. वह पेशे से मैकेनिक इंजीनियर था. पिछले 6 साल के दौरान इस व्यक्ति ने रेलगाड़ियों और हाईवे पर करीब 13 बार डमी बम लगाकर लोगों में दहशत फैलाने का काम किया है. इसके पीछे उसका मकसद लोगों में अपना प्रभाव जमाना है.
पुलिस की ओर से मीडिया को दी गई जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा में ट्रेन और हाईवे पर बम रखकर लोगों में दहशत पैदा करने वाला यह व्यक्ति उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है. पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से रीवा जिले के विभिन्न इलाकों के नेशनल हाईवे पर डमी बम रखकर दहशत फैलाने का काम किया जा रहा था. पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे और टोल प्लाजा पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखकर इन दहशतगर्दियों की पहचान की है.
रीवा जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नवनीत भसीन ने मीडिया को बताया कि मध्य प्रदेश में दहशत फैलाने का काम करने वाला गिरोह का प्रमुख आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है और पेशे से वह मैकेनिक इंजीनियर है. वह प्राइवेट जॉब करता था, लेकिन मिर्गी के दौरे आने की वजह से साल 2015 में उसकी नौकरी चली गई. एसपी नवनीत भसीन ने आगे बताया कि दहशतगर्दों के इस गिरोह का दूसरा सदस्य उत्तर प्रदेश के ही मेरठ का रहने वाला है और वह पेशे से वकील है. उन्होंने कहा कि तीसरा आरोपी भी मेरठ का ही रहने वाला है.
एसपी भसीन ने बताया कि पुलिस की ओर से की गई पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि समाज में फैले भ्रष्टाचार और गंदगी के बारे में लोगों के सामने अपनी बात बताना चाहते थे. इनका मानना था कि ऐसा करने से लोगों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित होगा और लोग उनकी बात को मानेंगे. पुलिस को इन तीनों आरोपियों के पास से डमी बम बनाने का सामान मिला है. इनके पास से इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, मदर बोर्ड, टेप, एल्यूमिनियम के तार और इलेक्ट्रॉनिक घड़ी बरामद हुई है.
Also Read: J&K: त्राल में सुरक्षाबलों ने मार गिराए तीन आतंकी, इस महीने मारे गए 35 दहशतगर्द
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इन तीनों आरोपियों ने महानगरी एक्सप्रेस समेत 13 विभिन्न स्थानों पर डमी बम रखे थे. इन आरोपियों ने सबसे पहले 28 जनवरी 2016 को महानगरी एक्सप्रेस में (मानिकपुर में) डमी बम रखे थे. इसके बाद 04 फरवरी 2016 को उत्तर प्रदेश के मेजा, 13 मार्च 2016 को मेजा, मार्च 2017 में संगम एक्सप्रेस ट्रेन (हापुड़ के पास मेरठ) और 08 जनवरी 2022 नैनी प्रयागराज समेत कई स्थानों पर डमी बम रखकर दहशत फैलाने का काम किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




