West Singhbhum News : आतंकवाद के सामने नहीं झुकेगा देश : गीता कोड़ा

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 25 Apr 2025 11:47 PM

विज्ञापन

आतंकवाद के सामने नहीं झुकेगा देश : गीता कोड़ा

विज्ञापन

नोवामुंडी. पहलगाम हमले में मारे गये निर्दोष पर्यटकों की हत्या के विरोध में शुक्रवार को नोवामुंडी भाजपा कार्यालय से प्रखंड अध्यक्ष चंद्रमोहन गोप के नेतृत्व में पूर्व सांसद गीता कोड़ा व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जनाक्रोश रैली निकाली. रैली बाजार के मुख्य चौक से निकलकर पेट्रोल पंप होते हुए आजाद बस्ती, सेंट मैरी स्कूल होते हुए ओवरब्रिज के पास पहुंची. जुलूस में भाजपा व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर पोस्टर लिए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाये. बाजार चौक पर पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला जलाया गया. गीता कोड़ा ने कहा कि आतंकवादी हमला बहुत ही निंदनीय है. हम कड़े शब्दों में इसकी निंदा करते हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से इसके गुनहगारों के खिलाफ जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि आतंकवाद को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. हम कभी भी आतंकवाद के सामने नहीं झुकेंगे.

आतंकवाद के विरुद्ध सशक्त समाज का निर्माण करें : प्राचार्य

नोवामुंडी. नोवामुंडी कॉलेज में प्राचार्य डॉ मनोजित विश्वास की अध्यक्षता में पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गये लोगों की आत्माओं की शांति के लिए शुक्रवार को दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई. प्राचार्य डॉ विश्वास ने शहीदों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवाद का यह जघन्य और अमानवीय कृत्य किसी भी दृष्टि से क्षम्य नहीं है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद एक अमानवीय, हिंसक और घृणास्पद कृत्य है. इसका उद्देश्य समाज में भय और अस्थिरता फैलाना है. कहा कि आतंकवादियों का कोई धर्म और मजहब नहीं होता. वे केवल हिंसा और भय के प्रतीक होते हैं. आज पूरा देश मृतक परिवार के साथ है. ईश्वर उन्हें इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. उन्होंने छात्र- छात्राओं से कहा कि हम सभी देशवासियों का कर्तव्य है कि हम इनके बलिदान को कभी न भूलें. एकजुट होकर आतंकवाद के विरुद्ध सशक्त समाज का निर्माण करें. इस अवसर पर कॉलेज के प्रो कुलजिंदर सिंह, परमानंद महतो, डॉ मुकेश सिंह, साबिद हुसैन, धनीराम महतो, राजकरण यादव, संतोष पाठक, तन्मय मंडल, नरेश पान, क्रांति प्रसाद, भवानी कुमारी, लक्ष्मी मोदक, सुमन चातोम्बा, हीरा चातोम्बा, शांति पूर्ति, दयानिधि प्रधान, जगन्नाथ प्रधान, रामबहादुर चौधरी, गुरुचरण बलमुचू , अनिमेष बिरुली सहित काफी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola