नोवामुंडी: मोहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, 26 जून को निकलेगा जुलूस

Updated:
विज्ञापन

बैठक करते हुए

Noamundi Muharram 2026: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में 26 जून को निकलने वाले मोहर्रम जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई है. अफवाह फैलाने और हुड़दंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई.

विज्ञापन

सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

Noamundi Muharram 2026:  मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूरा कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शनिवार को नोवामुंडी थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रशासन, मोहर्रम कमेटी और गणमान्य नागरिकों ने मिलकर पर्व को भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया. बैठक में स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या किसी तरह का हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

एसडीपीओ ने किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण 

बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनीत कुमार किंडो ने की. बैठक से पूर्व एसडीपीओ, इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा और थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह ने मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया. शांति समिति की बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य नागरिकों के साथ मोहर्रम को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि 26 जून को दोपहर 3 बजे मोहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा. उन्होंने बताया कि जुलूस इमामबाड़ा टटरा हाटिंग से निकलकर सेंट मैरी स्कूल, टीस्को अस्पताल परिसर, संग्राम साई, मेन रोड, बाजार चौक, पेट्रोल पंप रोड होते हुए बोकारो साइडिंग तक जाएगा. जुलूस का मार्ग पूर्व वर्षों की भांति ही रहेगा और इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है. इस वर्ष ताजिया नहीं निकाला जाएगा, जबकि पारंपरिक जुलूस के दौरान खिलाड़ी अलग-अलग तरह के करतबों का प्रदर्शन करेंगे.

Noamundi Muharram 2026
आज़ाद बस्ती मे जुलूस मार्ग का निरीक्षण करते हुए कमेटी के सदस्यों के साथ एसडीपीओ, थाना इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी

एसडीपीओ ने क्या कहा? 

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, त्याग और सामाजिक एकता का प्रतीक है. उन्होंने सभी समुदायों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे नहीं बजाया जाए और ऐसी कोई गतिविधि न हो जिससे आम लोगों को असुविधा हो. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे. 

थाना प्रभारी ने क्या कहा? 

थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह ने कहा कि नोवामुंडी हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है. यहां सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे के पर्व और त्योहारों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और मिल-जुलकर उत्सव मनाते हैं. उन्होंने लोगों से इस परंपरा को बनाए रखने की अपील की. उन्होंने बताया कि जुलूस शुरू होने से एक घंटा पूर्व नो-एंट्री लागू कर दी जाएगी और जुलूस की समाप्ति के बाद ही यातायात व्यवस्था सामान्य की जाएगी. मोहर्रम कमेटी की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखने का भी अनुरोध किया गया है जिससे कि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे. 

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी सख्त नजर 

थाना प्रभारी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अगर किसी को ऐसी गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. कानून अपने हाथ में लेने, शांति भंग करने अथवा हुड़दंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा

स्थानीय समस्याओं को भी बैठक में उठाया गया 

बैठक के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की अलग-अलग समस्याओं को भी प्रशासन के सामने रखा. लोगों ने स्टेशन रोड, पेट्रोल पंप और टीस्को अस्पताल के पास सड़क पर बने गड्ढों को भरने, ओवरब्रिज की खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, आजाद बस्ती मार्ग की सफाई, अस्पताल रोड पर अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या दूर करने और सेंट मैरी स्कूल मार्ग की रेलिंग एवं सड़क की मरम्मत कराने की मांग उठाई. इन समस्याओं से टाटा स्टील के प्रतिनिधि हिमांशु उपाध्याय और सुरक्षा प्रभारी देवेंद्र प्रधान को भी बताया गया. 

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो, इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी, अखिलेश कुमार सिंह, मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद सलीम, सचिन सेठ, मोहम्मद यासीन, फिरोज हुसैन, मोहम्मद ख्वाजा, अनीश ठक्कर, गौतम पोद्दार, रामदेव प्रसाद, एस. जेड. अहमद, नौशाद अख्तर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: झारखंड सहायक आचार्य परीक्षा 22 जून से, JSSC ने जारी किया एडमिट कार्ड, पढ़ें जरूरी गाइडलाइन

यह भी पढ़ें: झारखंड पारा मेडिकल परीक्षा की तारीख घोषित, ऑनलाइन होगी परीक्षा, JSSC ने जारी की चेतावनी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola