दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाकर अधेड़ की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या
घटनास्थल पर मौजूद भीड़
पश्चिम सिंहभूम के कुमारडुंगी में दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में भीड़ ने 53 वर्षीय व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थानांतर्गत पतारहातु गांव के बारुसाई टोला में दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में भीड़ ने 53 वर्षीय कुंडिया सिंकु की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी. घटना रविवार शाम करीब छह बजे की है. कुंडिया सिंकु अपने घर में बैठा था. गांव के 10-12 लोग उसके घर पहुंचे और खींचकर बाहर ले गये.
उसे पीटते हुए घर से करीब 300 मीटर दूर कुशनु हेम्ब्रम के नये घर के समीप ले गये. वहां कुशनु के घर के आंगन में लाठी-डंडों से तब तक पीटा गया, जब तक उसकी मौत नहीं हो गयी. घटना के बाद सभी आरोपी शव को छोड़कर अपने-अपने घरों को लौट गये. रातभर अर्धनग्न शव खुले में पड़ा रहा.
सुबह खोजते हुए पहुंची पत्नी
रातभर कुंडिया सिंकु के घर नहीं लौटने पर सोमवार की सुबह उसकी पत्नी तलाश करते हुए कुशनु हेम्ब्रम के आंगन में पहुंची. उन्होंने अपने पति का मृत शरीर देखा. उसेने घर पर इसकी सूचना दी. मृतक के बड़े बेटे रघुनाथ सिंकु के साथ थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की है.
परिजनों ने शव उठाने से रोका
सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की. हालांकि, आक्रोशित परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया. परिजनों की मांग है कि हत्यारों के घरों से ही खटिया लायी जाये. उन्हीं के द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जाये. दाह संस्कार भी हत्यारे ही करवायें.
अनुमान लगाया जा रहा है की पूरा मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है. परिवार के लोगों ने घर बुलाकर सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.- सुनील कुमार चौधरी, थाना प्रभारी, कुमारडुंगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










