Teacher’s Day: सिमडेगा के तीन शिक्षकों को मिला राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान
सम्मानित होने वाले शिक्षक | Prabhat Khabar Network
शिक्षक दिवस पर सिमडेगा के तीन शिक्षकों को शिक्षा और पाठ्यपुस्तक लेखन में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया. जिले में खुशी का माहौल है.
सिमडेगा: शिक्षक दिवस पर सिमडेगा जिले के तीन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान मिला है. बानो के राजकीय मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक स्मिथ कुमार सोनी और सहायक शिक्षक नवीन कुमार को पाठ्यपुस्तक लेखन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया. वहीं, बांसजोर के एसएस प्लस टू हाई स्कूल की इतिहास शिक्षिका पूनम खलखो को राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया.
आपके शहर में
कक्षा एक और दो की पाठ्यपुस्तक तैयार करने में योगदान
रांची में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में स्मिथ कुमार सोनी और नवीन कुमार को झारखंड के सरकारी विद्यालयों के लिए कक्षा एक और दो की पाठ्यपुस्तक तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया. स्मिथ कुमार सोनी इससे पहले वर्ष 2020 में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं. उन्होंने विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाने, बच्चों की पढ़ाई बीच में छोड़ने की समस्या रोकने और मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता फैलाने जैसे कार्यों में भी योगदान दिया है.

11 हिंदी पाठ्यपुस्तकों के लेखन में योगदान
नवीन कुमार शिक्षा के साथ साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं. ‘नवेंदु’ नाम से पहचान रखने वाले नवीन कुमार ने कक्षा एक से आठवीं तक की हिंदी की 11 पाठ्यपुस्तकों के लेखन में योगदान दिया है. उनका व्यंग्य संग्रह ‘चिंताराम की चिंता’ भी चर्चित रहा है. शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया.

तीन साल से शत-प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम
बांसजोर के एसएस प्लस टू हाई स्कूल की इतिहास शिक्षिका पूनम खलखो को उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान मिला है. पिछले तीन वर्षों से कक्षा 11वीं और 12वीं में इतिहास विषय में उनके विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है. विद्यार्थियों के प्रति समर्पण और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति के लिए उनकी अलग पहचान बनी है. तीनों शिक्षकों की उपलब्धि से सिमडेगा जिले में खुशी का माहौल है. विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों ने शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. लोगों ने कहा कि जिले के इन शिक्षकों की उपलब्धि अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है.
ये भी पढ़ें- मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने जताया शोक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए