ग्राम सभा के अधिकारों पर जोर, केरसई में छह ग्राम सभाओं के प्रतिनिधियों ने की चर्चा
बैठक में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
केरसई प्रखंड में ग्राम सभा मंच की बैठक में प्रतिनिधियों ने ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने और उनके संवैधानिक अधिकारों पर जोर दिया. लघु वनोपज से ग्रामीणों की आजीविका मजबूत करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई.
सिमडेगा. केरसई प्रखंड के बासेन नदीडीपा में जिला ग्राम सभा मंच, सिमडेगा के तत्वावधान में प्रखंड स्तरीय ग्राम सभा मंच की बैठक अजीत लकड़ा की अध्यक्षता में हुई. इसमें केरसई प्रखंड की छह ग्राम सभाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक का उद्देश्य ग्राम सभाओं को सशक्त एवं सक्रिय बनाना तथा उनके संवैधानिक अधिकारों, पेसा कानून, वन अधिकार कानून और स्थानीय संसाधनों पर ग्राम सभा की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. ग्राम सभाओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई.
लघु वनोपज से आजीविका मजबूत करने पर चर्चा
आदिवासी विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, सिमडेगा के माध्यम से ग्रामीणों को संगठित कर लघु वनोपज एवं वन आधारित आजीविका को मजबूत करने पर विचार किया गया. महुआ सहित अन्य लघु वनोपज के संग्रहण, मूल्यवर्धन व उचित बाजार व्यवस्था, ग्राम स्तर पर सदस्यता एवं डेटा संकलन तथा सहकारिता के माध्यम से आर्थिक सशक्तीकरण पर चर्चा हुई.
जिला ग्राम सभा मंच के प्रमुख एजेंडे के तहत ग्राम सभाओं के अधिकारों एवं निर्णय प्रक्रिया को प्रभावी बनाने, जल-जंगल-जमीन व सामुदायिक प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा, वन अधिकारों के क्रियान्वयन तथा विकास योजनाओं में ग्राम सभा के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया.
प्रतिनिधियों ने ग्राम सभा की भूमिका मजबूत करने, सामूहिक निर्णय और स्थानीय संसाधनों के संरक्षण के लिए नियमित रूप से ग्राम सभा मंच की बैठक आयोजित करने पर जोर दिया. बैठक में समर्पण सुरीन, अनुप लकड़ा, सिप्रियन समद सहित ग्राम सभा के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए