सिमडेगा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक देशभक्ति का उत्साह, डीसी कंचन सिंह ने किया ध्वजारोहण
सिमडेगा अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में तिरंगे को सलामी देती उपायुक्त व अन्य | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा के अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर उपायुक्त कंचन सिंह ने ध्वजारोहण किया। जिले में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा।
सिमडेगा: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिमडेगा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला. जगह-जगह आन, बान और शान के साथ तिरंगा लहराया गया. जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में किया गया, जिसे तिरंगे के रंगों से आकर्षक रूप से सजाया गया था.
वंदे मातरम् के गायन से शुरुआत
मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त कंचन सिंह ने परेड का निरीक्षण किया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे भी मौजूद रहे. परेड की सलामी लेने के बाद कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के गायन से हुई. इसके बाद उपायुक्त कंचन सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी.
विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
ध्वजारोहण के बाद उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिले के विकास में आम लोगों की सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया. उन्होंने सिमडेगा में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.
ये भी पढ़ें: उपराजधानी दुमका में राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया झंडोत्तोलन, कहा - "युवाओं के हाथ में राज्य और देश का भविष्य"
लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित
समारोह के दौरान जिले में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई. बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरा अल्बर्ट एक्का स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह का माहौल रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









