लापता कलीम खान व मो नईम मियां की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छुरिया टोंगरी जंगल से दोनों युवकों के शव बरामद किया

विज्ञापन

सिमडेगा. ठेठईटांगर. ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में 12 जनवरी 2026 से लापता दो युवकों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतकों की पहचान मातरामेटा गांव निवासी कलीम खान (25) और मो नईम मियां उर्फ मानु (30) के रूप में हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. जानकारी के अनुसार 12 जनवरी को कलीम खान और मो नईम मियां के लापता होने की सूचना उनकी पत्नी और बहन शाहिना परवीन ने ठेठईटांगर थाना में दर्ज करायी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमडेगा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छुरिया टोंगरी जंगल से दोनों युवकों के शव बरामद की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौशन मिंज (28 वर्ष), पिता-किशोर मिंज, निवासी दुमकी चढ़रीतर, पंचायत दुमकी तथा सूरज बेहरा (20 वर्ष), पिता- भानू बेहरा, निवासी भावनाडीपा कालोटोली, थाना ठेठईटांगर के रूप में हुई है. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 12 जनवरी को ही अपने दो अन्य साथियों के साथ मिल कर पूर्व की दुश्मनी के कारण दोनों युवकों की हत्या कर दी थी और शवों को टेंपो से ले जाकर छुरिया टोंगरी जंगल में फेंक दिया था. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं नाम-पता सत्यापित किये जा चुके अन्य दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का दावा है कि जल्द पूरे मामले का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola