सिमडेगा में चलाया गया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, 93 लोगों को लर्निंग लाइसेंस मिला
लर्निंग लाइसेंस देते अधिकारी | Prabhat Khabar
कुरडेग में आयोजित शिविर में 93 लोगों को लर्निंग लाइसेंस दिया गया. डीटीओ ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और हेलमेट-सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर दिया.
कुरडेग : सिमडेगा जिले के कुरडेग प्रखंड की डुमरडीह पंचायत परिसर में ड्राइविंग लाइसेंस और लर्निंग लाइसेंस शिविर लगाया गया. शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके निकट ही ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सुरक्षित और नियमबद्ध वाहन संचालन के प्रति जागरूक करना था. शिविर में कुल 106 अभ्यर्थियों ने आवेदन दिया, जिसमें लर्निंग लाइसेंस परीक्षा में 93 अभ्यर्थी सफल रहे, जिन्हें लर्निंग लाइसेंस निर्गत किया गया. 13 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने सड़क सुरक्षा की दी जानकारी
जिला परिवहन पदाधिकारी संजय कुमार बखला ने सफल अभ्यर्थियों को लर्निंग लाइसेंस देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. मौके पर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गयी. कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है.
खुद सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें
सिमडेगा जिला परिवहन पदाधिकारी संजय कुमार बखला ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सड़क सुरक्षा के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक किया. मौके पर डीटीओ ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की मुहिम से जोड़ना और विद्यार्थियों में यह भावना विकसित करना रहा है, ताकि खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें.
हेलमेट का उपयोग, सीट बेल्ट, वाहन की गति पर नियंत्रण
कार्यशाला में मोटर वाहन अधिनियम 1988 के प्रमुख प्रावधानों और उनके अनुपालन के संबंध में भी जागरूक किया गया. हेलमेट का उपयोग, सीट बेल्ट, वाहन की गति पर नियंत्रण, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज, नशे में वाहन नहीं चलाना, यातायात संकेतों का पालन तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी. मोटरयान निरीक्षक प्रकाश रंजन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल परिवहन विभाग या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है.
समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की. कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी संजय कुमार बखला, मोटरयान निरीक्षक प्रकाश रंजन, रोड इंजीनियर एनालिस्ट चंदन कुमार, निर्मला उच्च विद्यालय के प्राचार्या, शिक्षक एवं अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीत कुमार जायसवाल
पिछले 16 सालो से प्रभात खबर से जुडा हुं अभी भी कार्य कर रहा हुं
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










