हॉकी की नर्सरी सिमडेगा में खेल मैदान के लिए 3 एकड़ जमीन देने वाली करिश्मा परवार को मिला सम्मान
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 08 Mar 2022 10:14 PM
jharkhand news: हॉकी की नर्सरी सिमडेगा में पूर्व राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी करिश्मा परवार द्वारा 3 एकड़ जमीन दान देने पर उन्हें सम्मानित किया गया. वहीं, मैत्री मैच में सिमडेगा एकादश ने तमिलनाडु को 3-1 से हराया.
Jharkhand news: नये खिलाड़ियों को खेल मैदान के अभाव में खेल से वंचित ना होना पड़े, इसी सोच के मद्देनजर पूर्व राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी करिश्मा परवार ने खेल मैदान के लिए 3 एकड़ जमीन दान दे दी है. करिश्मा के इस कार्य की सभी जगह प्रशंसा हो रही है. इस कार्य के लिए सिमडेगा के स्ट्रोटर्फ स्टेडियम में उन्हें समाज कल्याण पदाधिकारी रेणु बाला द्वारा मोमेंटो भेंंट कर सम्मानित किया गया.
हॉकी सिमडेगा के संयुक्त सचिव सह पूर्व राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी करिश्मा परवार ने कहा कि खेल के मैदान के अभाव में बच्चों में खेल प्रतिभा खत्म ना हो जाये, इसी को ध्यान में रखकर अपनी खेती युक्त जमीन को दान दिया है. कहती हैं कि नौनिहालों को खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने में सहायता मिलेगी.
सिमडेगा जिला अंतर्गत ठेठईटांगर प्रखंड के कोरंजो बीजाडीह गांव की पूर्व राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी करिश्मा परवार अपने पिता से बात कर अपने गांव में खेल मैदान के लिए 3 एकड़ खेती वाली जमीन को दान देकर लोगों के सामाने मिसाल पेश की है. करिश्मा कई राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी है. वहीं, राज्य को कई पदक भी दिला चुकी है.
Also Read: Holi 2022: शांतिपूर्ण तरीके से होली समेत अन्य त्योहार मनाने की अपील, पुलिस प्रशासन की रहेगी पैनी नजर
इधर, करिश्मा द्वारा दान दिये जमीन पर मनरेगा से खेल मैदान का निर्माण हो रहा है. कहती हैं कि मुझे खुशी तब होगी, जब इस मैदान में हॉकी का गुर सीख कर खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे. कहा कि यहां के रग-रग में हॉकी बसा है. बच्चों में भी हॉकी के प्रति काफी जुनून दिखता है.
पिछले वर्ष सिमडेगा में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप में भाग लेने आयी तमिलनाडु टीम के खिलाड़ियों को सिमडेगा का वातावरण, रहन-सहन और संस्कृति भा गया. तमिलनाडु के अध्यक्ष श्रीजी ने हॉकी झारखंड के अध्यक्ष सह हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष भोलानाथ सिंह से सिमडेगा में अभ्यास मैच खेलने का प्रस्ताव दिया था. उनके प्रस्ताव को स्वीकार किया गया और तमिलनाडु की 24 सदस्य टीम एक मार्च, 2022 से ही सिमडेगा में रहकर विभिन्न टीमों के साथ अभ्यास मैच खेल रही है. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में हॉकी तमिलनाडु जूनियर टीम एवं सिमडेगा एकादश के बीच मैत्री मैच खेला गया. जिसमें सिमडेगा एकादश की टीम 3-1से विजयी रही.
इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रेणु बाला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच प्रारंभ कराया. हॉकी सिमडेगा की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. वहीं, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने अपने विचार रखे. इस आयोजन को सफल बनाने की कमान हॉकी सिमडेगा महिला पदाधिकारी प्रतिमा तिर्की और करिश्मा ने संभाली. हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी, हॉकी कोच प्रतिमा बरवा, बाल सुधार गृह की अधीक्षक सपना सन्यासी, हॉकी तमिलनाडु के कोच और मैनेजर को शॉल ओढाकर सम्मानित किया.
रिपोर्ट : रविकांत साहू, सिमडेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










