प्रभु यीशु मसीह के बताये मार्ग पर चलें : बिशप बरवा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 02 Apr 2026 11:14 PM
पुण्य बृहस्पतिवार. सामटोली महागिरजा घर में विशेष मिस्सा अनुष्ठान का आयोजन
सिमडेगा. सामटोली महागिरजा घर में पुण्य बृहस्पतिवार के अवसर पर विशेष मिस्सा अनुष्ठान का आयोजन किया गया. संचालन सिमडेगा धर्म प्रांत के बिशप विंसेंट बरवा ने ने किया. इस दौरान फादर इग्नासियुस टेटे समेत अन्य पुरोहितों ने उनका सहयोग किया. कार्यक्रम में मसीही समाज के महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही. साथ ही धर्म बहनों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति देखी गयी. अनुष्ठान के दौरान बिशप विंसेंट बरवा ने प्रभु यीशु मसीह के बताये मार्ग पर चलने की अपील की. उन्होंने विश्व में व्याप्त अशांति और युद्ध की स्थिति पर चिंता जताते हुए शांति के लिए विशेष प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि यह पवित्र संध्या हमारे विश्वास जीवन की सबसे गहरी और अर्थपूर्ण संध्या है. यह केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रेम और सेवा का जीवंत संदेश है. उन्होंने चेलों के पांव धोने की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विनम्रता और सेवा का सर्वोच्च उदाहरण है, जिसे हर मसीही को अपने जीवन में अपनाना चाहिए. उन्होंने पहले पाठ का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार ईश्वर ने मिस्र की गुलामी से इस्राइलियों को मुक्त करने के लिए बलिदान की व्यवस्था की, जिससे वे सुरक्षित रह सके. बिशप ने कहा कि यीशु मसीह ने अपने शिष्यों के प्रति प्रेम को सेवा के माध्यम से प्रकट किया और मानवता को सच्चे प्रेम का संदेश दिया. पुण्य बृहस्पतिवार उसी प्रेम, त्याग और सेवा की स्मृति का दिन है. कार्यक्रम में महिला मंडल द्वारा प्रभु की स्तुति में भजनों की प्रस्तुति दी गयी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. इस क्रम में वीजी फादर इग्नासियुस टेटे प्रभु के द्वारा किये गये कार्यों को दोहराते हुए अपने चेलों के पैर धोये. मौके पर पूरा चर्च परिसर प्रभुमय हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










