सिमडेगा में निर्धारित दर से अधिक कीमतों पर बेचा जा रहा खाद, किसान परेशान
खेतों में खाद मारते किसान
बानो प्रखंड में डीएपी और यूरिया खाद निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेची जा रही है. परेशान किसानों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है.
बानो से धर्मवीर की रिपोर्ट
सिमडेगा जिले के बानो प्रखंड क्षेत्र और लचरागढ़ की विभिन्न पंचायतों में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद मिलने से किसान परेशान हैं. किसानों का आरोप है कि सरकारी स्तर पर खाद की कीमत निर्धारित होने के बावजूद उन्हें मजबूरी में महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है. खेती के लिए खाद आवश्यक होने के कारण किसान ऊंची कीमत चुकाने को विवश हैं. किसानों के अनुसार
किसानों का आरोप
डीएपी करीब 2200 से 2600 रुपये प्रति बोरी, जबकि यूरिया 400 से 450 रुपये प्रति बोरी तक बेची जा रही है. किसानों का कहना है कि पहले से ही महंगे बीज, मजदूरी, जुताई और अन्य कृषि खर्चों के कारण खेती की लागत बढ़ गयी है. ऐसे में खाद भी महंगे दाम पर मिलने से छोटे और सीमांत किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. कुछ खाद विक्रेताओं का कहना है कि उन्हें रांची से ही खाद अधिक कीमत पर मिल रही है.
दुकानदारों ने क्या कहा?
दुकानदारों का दावा है कि इसी वजह से किसानों से भी अधिक कीमत लेने की स्थिति बन रही है. वहीं, खाद खरीदने के बाद किसानों को बिल नहीं दिए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. लचरागढ़ निवासी किसान रोहित इंदवार ने कहा कि खाद की कीमत बढ़ने से किसानों की परेशानी बढ़ गयी है. उन्होंने कहा कि दुकानदारों को खाद बेचने के बाद किसानों को बिल जरूर देना चाहिए, ताकि कीमत में पारदर्शिता बनी रहे.
निर्धारित दर से अधिक राशि लेना उचित नहीं है
बड़कादुइल निवासी किसान देवानंद सिंह ने कहा कि निर्धारित दर से अधिक राशि लेना उचित नहीं है. विभाग को खाद दुकानों की नियमित जांच करनी चाहिए और अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए. प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद की खरीद-बिक्री की शिकायत मिली है. मामले की जांच करायी जायेगी. अधिक राशि लेने की पुष्टि होने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










