भारतमाला परियोजना के विरोध में ग्रामसभाएं एकजुट, सिमडेगा और रांची में बड़े आंदोलन का ऐलान

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में उपस्थित विधायक व अन्य अतिथि | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सिमडेगा में भारतमाला सड़क परियोजना के खिलाफ ग्रामसभाओं ने मोर्चा खोला. ग्रामीणों ने पेसा कानून के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पुराने एनएच 143 के विस्तार की मांग की.

विज्ञापन

सिमडेगा. सिमडेगा जिले के कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर देवा टोली में प्रस्तावित भारतमाला सड़क परियोजना को लेकर ग्राम सभाओं की बैठक हुई. बैठक में कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी मुख्य रूप से शामिल हुए. ग्रामीणों ने प्रस्तावित सड़क परियोजना को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें रखीं.

विज्ञापन

इन पंचायतों से होकर गुजरेगी सड़क

ग्रामीणों ने कहा कि प्रस्तावित सड़क सिमडेगा जिले की केरया, लोम्बई, तिनगिना, डोमटोली, रायसिंया और साहपुर सहित कई पंचायतों से होकर गुजरेगी. ये क्षेत्र संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आने वाला अनुसूचित क्षेत्र है.

ग्रामीणों का कहना है कि भारतमाला परियोजना के लिए अब तक संबंधित ग्रामसभाओं से पेसा कानून के तहत विधिवत सहमति नहीं ली गयी है. आरोप है कि प्रशासन द्वारा ग्रामसभा और वनाधिकार समिति की अनुमति के बिना भूमि की मापी तथा पेड़ों का चिन्हितिकरण कराया जा रहा है.

पेसा और वनाधिकार कानून के उल्लंघन का आरोप

ग्रामीणों ने इसे पेसा कानून, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम तथा वनाधिकार अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन बताया.

सभा में ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अनुसूचित क्षेत्र में किसी भी परियोजना से पहले ग्रामसभा की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए.

ग्रामीण बोले- बार-बार जमीन और जंगल नहीं देंगे

ग्रामीणों ने कहा कि वे बार-बार सड़क निर्माण के लिए अपनी जमीन और जंगल नहीं दे सकते. उनका कहना है कि हमारे पूर्वजों ने पहले ही पुराने एनएच 143 के निर्माण के लिए अपनी जमीनें और जंगल कुर्बान कर दिए थे, अब हम बार-बार ऐसा नहीं कर सकते.

ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि भारतमाला सड़क का निर्माण नये मार्ग पर करने के बजाय पुराने एनएच 143 को चौड़ा और विकसित कर किया जाए.

सिमडेगा और रांची में होगा बड़ा आंदोलन

ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो सिमडेगा और रांची मुख्यालय में विशाल सभा, धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इन कार्यक्रमों की अगुवाई प्रभावित ग्रामसभाएं करेंगी.

बैठक में काफी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा, झारखंड उलगुलान संघ के एलेस्टर बोदरा, कोयल कारो जनसंगठन के उपाध्यक्ष जॉन गुलशन गुड़िया, और आदिवासी मूलवासी किसान मजदूर बचाओ संघ के संयोजक अजीत गुड़िया सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. ग्राम सभा अध्यक्ष मतियस केरकेट्टा, मुखिया शिशिर डांग, और अन्य स्थानीय नेताओं ने भी अपनी बात रखी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola