गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा सिमडेगा
रामजानकी मंदिर में स्थापित प्रतिमा | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा में विघ्नहर्ता भगवान गणेश का पांच दिवसीय उत्सव सोमवार से धूमधाम से शुरू हो गया है. शहरी और ग्रामीण इलाकों में 14 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां भक्तिमय माहौल है. अगले पांच दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा.
सिमडेगा.शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण इलाकों में भी विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पांच दिवसीय पूजा सोमवार से धूमधाम और भक्तिभाव के साथ शुरू हो गयी. गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों में भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजन-अनुष्ठान किया गया. सुबह से ही पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
14 स्थानों पर स्थापित हुई प्रतिमाएं
शहरी क्षेत्र के रामजानकी मंदिर, नीचे बाजार, कुंजनगर, सलडेगा देवी गुड़ी मंदिर, भवानी कॉलोनी, श्याम पथ गली, रामनगर पावर हाउस, नगर भवन, ठाकुर टोली, आदर्श नगर और प्रिंस चौक दुर्गा पूजा पंडाल सहित 14 स्थानों पर भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं. पूजा समितियों द्वारा आकर्षक पंडाल तैयार करने के साथ विद्युत सज्जा भी की गयी है. शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पंडाल और आसपास का इलाका जगमगाने लगा. गणेश महोत्सव के दौरान विभिन्न पूजा समितियों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति जागरण, प्रतियोगिताएं और अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. इससे अगले पांच दिनों तक शहर में उत्सव का माहौल बना रहेगा.
रामजानकी मंदिर में कई कार्यक्रम
रामजानकी मंदिर परिसर में नवयुवक संघ द्वारा गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. यहां पुरोहित गोपाल शर्मा और यजमान अमित जैन सह पत्नी ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया. समिति की ओर से पूजा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी. 17 अगस्त की शाम सात बजे झांकी, फैंसी ड्रेस और नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा.
सलडेगा में मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
सलडेगा देवी गुड़ी मंदिर परिसर में भी गणेश महोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किया गया. आचार्य शिव कुमार पाठक ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश का पूजन-अनुष्ठान कराया. पूजा-अर्चना के बाद पंडाल का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया. श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की. आचार्य शिव कुमार पाठक ने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है. श्रद्धा और सच्चे मन से गणपति की आराधना करने से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं तथा शुभ-लाभ और समृद्धि की प्राप्ति होती है. गणेश महोत्सव के दौरान पूरे संसार में सुख, शांति और समृद्धि की कामना से पूजन किया जा रहा है.
पांच दिनों तक रहेगा उत्सवी माहौल
गणेशोत्सव को लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. अगले पांच दिनों तक पूजा पंडालों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. आयोजकों ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण और भक्तिभाव के साथ महोत्सव में शामिल होने की अपील की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए