आकर्षक झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 02 Apr 2026 11:19 PM
अखंड हरिकीर्तन के तीसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कोलेबिरा. प्रखंड के ग्राम बरसलोया में आयोजित चार दिवसीय अखंड हरि कीर्तन सह यज्ञ महोत्सव के तीसरे दिन सुबह से ही यज्ञ मंडप परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही. इस दौरान झांकियों की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण का केंद्र रही. झांकियों में पारंपरिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और भक्त हनुमान जी के सजीव स्वरूप प्रस्तुत किये गये, जिसने लोगों को भावविभोर कर दिया. भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म और मर्यादा का संदेश, माता सीता की पवित्रता और लक्ष्मण जी की सेवा भावना को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया. वहीं हनुमान जी की भक्ति, शक्ति और समर्पण ने श्रद्धालुओं को गहराई से प्रभावित किया. इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक झांकी ने प्रेम, भक्ति और रासलीला का सुंदर चित्र प्रस्तुत किया. एक डरावनी झांकी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए भीड़ उमड़ती रही. पूरे आयोजन के दौरान कीर्तन मंडलियों ने भजन और संकीर्तन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाये रखा. आयोजन स्थल पर लगे मेले में विभिन्न दुकानों, खान-पान के स्टॉल और मनोरंजन के साधनों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को अखंड हरि कीर्तन का समापन किया जायेगा. इसके बाद भव्य नगर कीर्तन निकाला जायेगा, जिसमें श्रद्धालु पूरे क्षेत्र में भ्रमण करेंगे. नगर कीर्तन के बाद विशाल प्रसाद वितरण और राधा-कृष्ण की झांकी के साथ मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन होगा. इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष रोहित कुमार साहु, सचिव सुनीत पति, कोषाध्यक्ष पुरन कुमार साहु, उपाध्यक्ष प्रमोद सोनी, सह सचिव दिनेश साहू और सह-कोषाध्यक्ष महेंद्र साहू सहित कई सदस्यों और संरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










