ट्रेलर ने साइकिल सवार को कुचला, मौत
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 31 May 2026 6:29 PM
नीमडीह के एनएच-32 पर पितकी रेलवे फाटक के पास हुआ हादसा
चांडिल.
नीमडीह थाना क्षेत्र के एनएच-32 टाटा-पुरुलिया मुख्य मार्ग पर पितकी रेलवे फाटक के समीप रविवार सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक का अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान चिंगड़ीडीह (जाहिरा) गांव निवासी कालीचरण गोप उर्फ कालिया के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, कालीचरण गोप सुबह अपनी साइकिल से कहीं जा रहा था. इसी दौरान पितकी रेलवे फाटक के पास वह एक अनियंत्रित ट्रेलर के आगे वाले चक्के की चपेट में आ गया. इस हादसे में युवक के दोनों पैर ट्रेलर के पहियों के नीचे दब गए, जिससे वह सड़क पर ही लहूलुहान होकर तड़पने लगा.आरपीएफ जवानों की मदद से युवक को एमजीएम भेजा गया
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण वहां जुट गये. व्यस्त मार्ग होने के कारण कुछ ही देर में सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल आरपीएफ के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को भीड़ से निकाला और एंबुलेंस की सहायता से तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने स्थिति को संभाला और यातायात को सामान्य कराया. पुलिस ने ट्रेलर को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया है. चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच में जुट गयी है. इस घटना के बाद से मृतक के गांव चिंगड़ीडीह में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










