टाटा -रांची मार्ग एनएच-33 उरमाल पेट्रोल पंप में हथियार के बल पर लूट, 25 हजार नकद और मोबाइल छीना

Updated:
विज्ञापन

उरमाल पेट्रोल पंप | Prabhat Khabar Network

रांची-टाटा एनएच-33 स्थित उरमाल पेट्रोल पंप पर हथियारबंद अपराधियों ने सेल्समैन से 25 हजार रुपये और मोबाइल लूटा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से जांच कर रही है।

विज्ञापन

चौका: चौका थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित उरमाल के माधुरी पेट्रोल पंप पर बुधवार देर रात करीब पौने 12 बजे बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर सेल्समैन से 25 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया. अपराधियों ने पिस्टल और चाकू के बल पर वारदात को अंजाम दिया. इस दौरान सेल्समैन बाबलू प्रमाणिक के साथ मारपीट की गई और उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए. पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद तीनों अपराधी एक ही बाइक से रांची की ओर फरार हो गए. जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात तीन अपराधी बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचे और पेट्रोल देने को कहा. पेट्रोल देने के बाद जब सेल्समैन बाबलू प्रमाणिक ने उनसे पैसे जमा करने को कहा, तभी एक अपराधी ने पिस्टल निकाल ली, जबकि उसके साथ मौजूद दो अपराधियों ने चाकू निकालकर वहां मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया. हथियार देखकर पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य सेल्समैन और ट्रक चालक वहां से भाग गए. इसके बाद अपराधियों ने बाबलू प्रमाणिक को अपने कब्जे में लेकर उसके साथ जमकर मारपीट की. मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए. अपराधियों ने पेट्रोल पंप के सेल का 25 हजार रुपये नकद और बाबलू का मोबाइल फोन छीन लिया. लूटपाट के बाद तीनों अपराधी बाइक से रांची की ओर भाग निकले. घटना की सूचना मिलने के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी. पेट्रोल पंप मैनेजर ने गुरुवार को चौका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बानसा शराब दुकान में लूट प्रयास से मिल रहा हुलिया

पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात ही चौका थाना क्षेत्र के बानसा गांव स्थित सरकारी लाइसेंसी शराब दुकान में भी तीन हथियारबंद अपराधियों ने लूट का प्रयास किया था. शराब दुकान की घटना में भी एक अपराधी के पास पिस्टल और दो के पास चाकू होने की बात सामने आई थी.

पेट्रोल पंप और शराब दुकान की दोनों घटनाओं में अपराधियों की संख्या, हथियार और वारदात का तरीका लगभग एक जैसा है. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों घटनाओं में शामिल अपराधियों का हुलिया भी मिल रहा है. इससे पुलिस को आशंका है कि दोनों वारदातों में एक ही गिरोह शामिल हो सकता है.

अपराधी लूट के इरादे से ही पेट्रोल पंप पहुंचे थे. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है. एनएच-33 पर लगातार हुई इन घटनाओं से रात में यात्रा करने वाले लोगों और आसपास के कारोबारियों में भी दहशत है.


विज्ञापन
Himanshu Gope

लेखक के बारे में

By Himanshu Gope

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola