सरायकेला-खरसावां: स्मार्ट क्लास के डिजिटल बोर्ड पर चला अश्लील गाना, ग्रामीणों में आक्रोश

Updated:
विज्ञापन
जांच के लिये युएचएस पदमपुर पहुंचे जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा के बातचीत करते ग्रामीण  | Prabhat Khabar Network

जांच के लिए युएचएस पदमपुर पहुंचे जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा से बातचीत करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पदमपुर के स्मार्ट क्लास में डिजिटल बोर्ड पर अश्लील गाना चलने का 40 सेकेंड का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रभारी प्राचार्य के स्थानांतरण की मांग की है.

विज्ञापन

संवाददाता, खरसावां

उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पदमपुर के स्मार्ट क्लास में लगे डिजिटल बोर्ड पर अश्लील गाना देखते हुए स्कूली बच्चों का 40 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद से ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है. शनिवार को बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार की है. जब स्मार्ट क्लास में कुछ छात्र डिजिटल बोर्ड पर अश्लील गाना देख रहे थे, उसी दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे वायरल कर दिया.

डीइओ ने की जांच, चिंता जतायी

ग्रामीणों से सूचना मिलते ही डीइओ कैलाश मिश्रा त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय पहुंचे. उन्होंने विद्यालय के कार्यालय, स्मार्ट क्लास और अन्य कक्षाओं का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से अलग-अलग पूछताछ कर जानकारी ली. डीइओ ने विद्यालय परिसर में इस तरह की घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए चिंता व्यक्त की.

दो छात्रों ने मोबाइल से कनेक्ट कर चलाया था वीडियो : डीइओ

मामले की जांच के बाद डीइओ कैलाश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट क्लास में वीडियो संचालित करने में प्रभारी प्राचार्य या क्लर्क की कोई सीधी भूमिका सामने नहीं आयी है. डीइओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विद्यालय के दो छात्र अपने घर से मोबाइल लेकर आए थे. उन्होंने ही मोबाइल को डिजिटल बोर्ड से कनेक्ट कर वीडियो चलाया. घटना के समय दो शिक्षक अवकाश पर थे और क्लर्क कुछ देर के लिए दूसरे कमरे में गए थे. इसी बीच छात्रों ने समय का गलत फायदा उठाया. लापरवाही के लिए विद्यालय के क्लर्क को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है.

प्रभारी प्राचार्य के स्थानांतरण की मांग

घटना से उग्र ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताया. ग्रामीणों का कहना था कि यदि स्मार्ट क्लास में शिक्षक या कोई जिम्मेदार कर्मी मौजूद नहीं था, तो बच्चों को बिना निगरानी के अकेले क्यों छोड़ा गया. ग्रामीणों ने विद्यालय की लचर सुरक्षा और व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रभारी प्राचार्य के तत्काल स्थानांतरण (ट्रांसफर) की मांग की. घटना की संवेदनशीलता और विद्यालय परिसर में जुट रही भीड़ की सूचना मिलते ही खरसावां थाना प्रभारी राहुल सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को शांत कराया.


विज्ञापन
Sachindra Dash

लेखक के बारे में

By Sachindra Dash

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola