ePaper

झारखंड के इस गांव में 30 जनवरी से शुरू होगी युवाओं की गांधीगीरी, शराब की बिक्री बंद

Updated at : 28 Jan 2026 3:43 PM (IST)
विज्ञापन
झारखंड के इस गांव में 30 जनवरी से शुरू होगी युवाओं की गांधीगीरी, शराब की बिक्री बंद

खरसावां प्रखंड के कुम्हार रीडिंग गांव के युवा, जो 30 जनवरी से शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाएंगे.

Kharsawan News: झारखंड के खरसावां प्रखंड के कुम्हार रीडिंग गांव में 30 जनवरी से युवाओं की गांधीगीरी शुरू होगी. महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए इन युवाओं ने शराब की बिक्री और चुलाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है. युवाओं का कहना है कि नशाखोरी पारिवारिक कलह, अपराध और बच्चों के भविष्य को बर्बाद कर रही है. गांव में चौक-चौराहों पर प्रचार शुरू कर दिया गया है और पुलिस-प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

खरसावां से शचींद्र दाश की रिपोर्ट

Kharsawan News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड के कुम्हार रीडिंग गांव में अब युवाओं की गांधीगीरी देखने को मिलेगी. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर युवाओं ने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सार्थक पहल शुरू करने की ठानी है. ग्रामीणों की बैठक में इन युवाओं ने फैसला किया है कि 30 जनवरी 2026 यानी शुक्रवार से गांव में अब किसी भी हालत में शराब की बिक्री या फिर चुलाई करने नहीं दी जाएगी. देशी या विदेशी शराब की बिक्री करने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

चौक-चौराहों पर होगा प्रचार-प्रसार

कुम्हार रीडिंग गांव के नशा मुक्त बनाने की दिशा में लिये गये इस निर्णय का गांव के चौक चौराहों में प्रचार-प्रसार भी किया गया है. गांव के युवाओं के अनुसार चोरी-छिपे सात-आठ जगहों पर शराब की बिक्री होती है. बैठक में कुम्हार रीडिंग गांव के साथ साथ आसपास के टोला के लोग भी मौजूद थे.

पारिवारिक कलह का मुख्य वजह है नशाखोरी

ग्रामीणों ने बताया कि देशी-विदेशी शराब के सेवन के साथ साथ नशाखोरी के कारण अक्सर पारिवारिक कलह, मारपीट जैसी घटनाएं घट रही है. कई बार ऐसा भी देखा गया है कि नशे के हालात में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं भी सामने आ रही है. स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चे भी नशे की दलदल में गिरते चले जा रहे है. इससे उनकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है. गांव का विकास बाधित हो रहा है. गांव के युवाओं ने आपसी सहमति से शराब की बिक्री और चुआई पर रोक लगाने का फैसला किया है.

पुलिस-प्रशासन से शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग

ग्रामीणों ने बैठक में पुलिस प्रशासन से शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है. ग्रामीणों ने बताया कि बैठक में लिये गए निर्णय से स्थानीय थाना को भी अवगत कराया जाएगा. शराब की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की जाएगी. बैठक में टांको कुम्हार, मैनेजर कुम्हार, माझी कुम्हार, बुधु कुम्हार, मुखिया के पति रामधन हेंब्र्रम, चुआ कुम्हार, टांगु कुम्हार, माझी कुम्हार, लखिंद्र कुम्हार, पेटु कुम्हार, सुनील कुम्हार, मालु कुम्हार, अनिल कुम्हार समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम में फोस्टर केयर योजना से जोड़े गए 55 ग्रामीण बच्चे, खुंटपानी में डिस्ट्रिक्ट लेवल इंटरफेस कार्यक्रम आयोजित

खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार से सीधा सवाल

खरसावां के थाना प्रभारी गौरव कुमार
  • सवाल: खरसावां थाना क्षेत्र में अवैध शराब पर रोक लगाने के लिये कार्रवाई हो रही है ?
  • जवाब: अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. शराब की बिक्री करने या चुलाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है. पहले भी शराब की कई भट्ठियों को ध्वस्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई है. जहां भी अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही हो, सूचित करें. नाम गुप्त रखकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही गांव के लोगों को जागरुक भी किया जाएगा. नशापान से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जाएगी.
  • सवाल: क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने की दिशा में कुम्हार रीडिंग गांव के युवाओं की पहल को कैसे देखते हैं?
  • जवाब: गांव को नशामुक्त बनाने की दिशा में युवाओं की ओर से शुरू की जा रही पहल काफी सराहनीय है. यह एक साकारात्मक पहल है. इसमें पुलिस-प्रशासन का भी सहयोग रहेगा. इससे पहले भी रामपुर, टांकोडीह समेत कई गांवों में शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों ने इस तरह की पहल की थी. अब उन गांवों में शराब की बिक्री पूरी तरह से बंद है. गांव को नशामुक्त बनाने में जनसहभागिता जरूरी है.

इसे भी पढ़ेंं: जमशेदपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सफल, कैरव के आठ किडनैपर दबोचे गए, बरही से हथियार और गाड़ियां बरामद

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola