सरप्राइज इंस्पेक्शन में खरसावां सीएचसी के दो डॉक्टर समेत चार कर्मचारी गायब, सिविल सर्जन ने जारी किया शो-कॉज

Updated:
विज्ञापन

खरसावां सीएचसी का औचक निरीक्षण करते सिविल सर्जन डॉ सरयू प्रसाद सिंह. फोटो: प्रभात खबर

Civil Surgeon Surprise Inspection: सरायकेला-खरसावां के सिविल सर्जन के औचक निरीक्षण में खरसावां सीएचसी के दो डॉक्टर समेत चार स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले. सभी को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. हरिभंजा पीएचसी की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए गए.

विज्ञापन

सरायकेला-खरसावां से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट

Civil Surgeon Surprise Inspection: सरायकेला-खरसावां के सिविल सर्जन डॉ सरयू प्रसाद सिंह ने सोमवार को खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और हरिभंजा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, पल्स पोलियो अभियान, दवा भंडारण, ओपीडी व्यवस्था और अस्पताल की समग्र कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई. इस दौरान खरसावां सीएचसी में दो डॉक्टर सहित चार स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले, जिस पर सिविल सर्जन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

दो डॉक्टर समेत चार कर्मी अनुपस्थित

औचक निरीक्षण के दौरान डॉ अर्चना कुमारी, डॉ नाजीर आलम, बीपीएम आतेश कुमार और बीएएम सीमा कुमारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए. सिविल सर्जन ने चारों की उपस्थिति काटने का निर्देश देते हुए स्पष्टीकरण (शो-कॉज) जारी करने को कहा. बताया गया कि बीपीएम आतेश कुमार बीमार होने के कारण अस्पताल नहीं पहुंच सके थे. हालांकि, सिविल सर्जन ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय महत्व के पल्स पोलियो अभियान के दौरान बिना उचित सूचना के अनुपस्थित रहना गंभीर विषय है और इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी.

पल्स पोलियो अभियान में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

डॉ सरयू प्रसाद सिंह ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा राष्ट्रीय कार्यक्रम है. ऐसे अभियानों के दौरान सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति अनिवार्य है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.

दवा भंडारण और ओपीडी व्यवस्था का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल के दवा भंडारण कक्ष, उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों तथा ओपीडी व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया. इस दौरान डॉ ममता ओपीडी में मरीजों का इलाज करती मिलीं, जबकि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ वीरांगना सिंकु पल्स पोलियो अभियान के तहत कृष्णापुर पंचायत क्षेत्र में फील्ड विजिट पर थीं.

हरिभंजा पीएचसी की व्यवस्था पर जताया संतोष

खरसावां सीएचसी के निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन हरिभंजा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. वहां उन्होंने प्रसव कक्ष, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि स्वास्थ्य केंद्र में दो महिलाओं का सफल प्रसव कराया गया था. सिविल सर्जन ने जच्चा और बच्चा दोनों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में भूमि सर्वे में देरी पर हाइकोर्ट सख्त, राजस्व सचिव को 15 जुलाई तक नया शपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश

बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दिए निर्देश

हरिभंजा पीएचसी की व्यवस्था संतोषजनक पाए जाने पर सिविल सर्जन ने स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना की. साथ ही, उन्होंने सभी चिकित्सा संस्थानों को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज, आवश्यक दवाएं और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग नियमित रूप से अस्पतालों का निरीक्षण करता रहेगा. कहीं भी लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के भरोसे हजारीबाग के भू-अर्जन कार्यालय में कोर्ट का काम, 15 लाख की अग्रिम निकासी पर उठ रहा सवाल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola