पीएम मोदी से सीधे जुड़ेंगे साहिबगंज के युवा, 27 अगस्त को ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम
बैठक करते प्राचार्य | Prabhat Khabar Network
साहिबगंज महाविद्यालय में 27 अगस्त को 'युवा कनेक्ट' में पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन.1389 संस्थानों में से झारखंड के 24 में शामिल. युवा करें संवाद.
साहिबगंज : राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर 27 अगस्त को साहिबगंज महाविद्यालय में ‘मेरा भारत राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. कार्यक्रम को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं खेल पदाधिकारी की बैठक हुई. बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और सफल आयोजन को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गयी.
आपके शहर में
पीएम करेंगे वर्चुअल संबोधन
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 27 अगस्त को आयोजित ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल माध्यम से संबोधन प्रस्तावित है. इसके साथ जिला स्तरीय संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जायेगा. देशभर के 1,389 संस्थानों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाना है, जिसमें झारखंड के 24 संस्थानों का चयन हुआ है. साहिबगंज महाविद्यालय भी इनमें शामिल है.
प्रतिभागियों से करेंगे संवाद
प्राचार्य ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री प्रतिभागियों के साथ दोतरफा संवाद करेंगे और औपचारिक संबोधन भी देंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थानीय सांसद, विधायक तथा राष्ट्रीय स्तर के स्थानीय खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया जाना प्रस्तावित है.
28 से 30 अगस्त तक खेल प्रतियोगिताएं
बैठक में बताया गया कि युवा कनेक्ट कार्यक्रम के बाद 28, 29 एवं 30 अगस्त को साहिबगंज महाविद्यालय में खेलो इंडिया के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा. राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के पदाधिकारियों का भी साहिबगंज महाविद्यालय में आगमन प्रस्तावित है.
तैयारियों पर हुई चर्चा
बैठक में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती, डॉ. प्रिया सिन्हा, डॉ. अनु सुमन बाड़ा तथा महाविद्यालय के खेल पदाधिकारी प्रो. प्रदीप कुमार कुजूर मौजूद थे. बैठक में प्रतिभागियों की व्यवस्था समेत आयोजन को सफल बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए