तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी: राजमहल-तीनपहाड़ मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन, एक घंटे यातायात प्रभावित
सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामिण.
राजमहल-तीनपहाड़ मार्ग पर सड़क दुर्घटना में महावीर उरांव की मौत. परिजन व ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, एक घंटे यातायात प्रभावित.
प्रतिनिधि, राजमहल. राजमहल थाना क्षेत्र के राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर नयाबस्ती कठपुल के समीप सोमवार रात हुई सड़क दुर्घटना में तुतीपुर निवासी महावीर उरांव की मौत हो गयी. घटना के विरोध में मंगलवार को मृतक के परिजन और आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आये. झमझमिया काली मंदिर के समीप शव को सड़क पर रखकर राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग जाम कर दिया गया. प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया.
आपके शहर में
एक घंटे जाम रहा मुख्य मार्ग, वाहनों की लगी कतार
सड़क जाम के कारण करीब एक घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. जाम की सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एसआइ ओम प्रकाश चौहान, महादेव उरांव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा.
पुलिस पदाधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. थाना प्रभारी ने दाह संस्कार के लिए मृतक के परिजनों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
बाइक बरामद, मालिक की पहचान में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक बरामद कर ली गयी है. बाइक मालिक की पहचान की जा रही है. पहचान होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
महासिंहपुर पंचायत के मुखिया सुखवा उरांव भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से बातचीत की. पुलिस और मुखिया के समझाने के बाद परिजनों ने सड़क जाम हटा लिया. इसके बाद मार्ग पर वाहनों का परिचालन सुचारू हो गया.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों के साथ बाइक मालिक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए