भीमपाड़ा की संकरी सड़क बनी हादसों का अड्डा, स्कॉर्पियो पलटी, बाल-बाल बचे सवार
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो | Prabhat Khabar Network
पाकुड़-बरहरवा NH-133A पर भीमपाड़ा की संकरी सड़क बनी मौत का कुआं. 20 साल से चौड़ीकरण का इंतजार, 1 किमी सड़क 10-12 फीट की. 60 से अधिक हादसे.
विकास जायसवाल, बरहरवा. पाकुड़-बरहरवा एनएच-133 ए के अंतर्गत बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के भीमपाड़ा के समीप बुधवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हालांकि, वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गये. हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने वाहन में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.
आपके शहर में
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो गुमानी की ओर से बरहरवा जा रही थी. भीमपाड़ा के पास सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण चालक सामने से आ रहे दूसरे वाहन को साइड देने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान स्कॉर्पियो सड़क से नीचे उतर गयी और दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
एक किलोमीटर सड़क महज 10 से 12 फीट चौड़ी
भीमपाड़ा के पास करीब एक किलोमीटर सड़क की चौड़ाई महज 10 से 12 फीट है. सड़क संकरी होने के कारण आमने-सामने से वाहनों के गुजरने में काफी परेशानी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं.
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में इस मार्ग पर 60 से अधिक छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. इसके बावजूद सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की दिशा में अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है.
20 साल से चौड़ीकरण का इंतजार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह सड़क करीब 20 वर्षों से 10 से 12 फीट चौड़ी ही है. सड़क संकरी होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. बरहरवा, गुमानी, कोटालपोखर और पाकुड़ की ओर आने-जाने वाले वाहन कई बार घंटों फंसे रहते हैं.
एक बड़ी ट्रक के सड़क पर आने के बाद दूसरी ओर से ऑटो या टोटो का निकलना भी मुश्किल हो जाता है. कई बार छोटे वाहनों को पीछे कर रास्ता बनाना पड़ता है. लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग की जा रही है, लेकिन भूमि अधिग्रहण की समस्या और मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण अब तक समाधान नहीं हो सका है.
गार्डवाल निर्माण के लिए तैयार हो रहा डीपीआर
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के निर्देश पर सहायक अभियंता के नेतृत्व में एक टीम ने भीमपाड़ा से केंचुआ नाला तक स्थल का निरीक्षण किया था. इस क्षेत्र में गार्डवाल निर्माण की योजना तैयार की जा रही है.
बताया गया कि भूमि अधिग्रहण की समस्या के कारण फिलहाल सड़क चौड़ीकरण संभव नहीं है. ऐसे में गार्डवाल का निर्माण कर सड़क को सुरक्षित बनाने और वाहनों के आवागमन को सुगम करने का प्रयास किया जाएगा. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि गार्डवाल निर्माण से संकरी सड़क पर आवागमन की समस्या कुछ हद तक कम होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए