राजमहल : कठपुल बना हादसे का स्पॉट! एक की मौत, बाइक दुर्घटना में तीन युवक घायल
जांच करते पुलिस पदाधिकारी व जानकारी लेते विधायक प्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
राजमहल-तीनपहाड़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा। एक की मौत, 3 युवक घायल, 2 गंभीर। पुलिस जांच जारी। जानें पूरी खबर.
राजमहल. राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य मार्ग पर नया बस्ती कठपुल के समीप सोमवार को सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान तुतीपुर निवासी महावीर उरांव के रूप में हुई है. वहीं, इसी घटनास्थल के समीप बाइक दुर्घटना में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए मालदा रेफर किया गया.
आपके शहर में

टोटो चालक अस्पताल लेकर पहुंचा
अस्पताल कर्मियों के अनुसार, एक टोटो चालक महावीर उरांव को घायल समझकर राजमहल अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचा. वहां डॉ. सौरभ कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
तस्वीर से हुई मृतक की पहचान
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी महादेव उरांव ने मृतक की पहचान के लिए थाना क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में तस्वीर मोबाइल के माध्यम से प्रसारित की. इसके बाद गुनिहारी पंचायत के मुखिया सुखवा उरांव ने तस्वीर के आधार पर मृतक की पहचान तुतीपुर निवासी महावीर उरांव के रूप में की. सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचने लगे.
किस वाहन की चपेट में आया, स्पष्ट नहीं
समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि महावीर उरांव की मौत किस वाहन की चपेट में आने से हुई. पुलिस मामले की जांच करते हुए दुर्घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.
बाइक अनियंत्रित होने से तीन घायल
इधर, इसी घटनास्थल के समीप दैनिक मजदूरी कर कोयला बाजार से बाइक से अपने घर राजमहल लौट रहे तीन युवक भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए. बताया गया कि कठपुल के समीप बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन युवक घायल हो गए.
घायलों में पुन्नी टोला निवासी सूफियाना शेख (22 वर्ष) और मैनातालाब निवासी बिस्मिल्लाह शेख (21 वर्ष) शामिल हैं. दोनों का राजमहल अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा रेफर कर दिया. तीसरे घायल का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया गया.
विधायक प्रतिनिधि ने ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने मृतक के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए