ऑटो में छिपाकर ले जा रहे थे हथियार, 10 देशी पिस्टल के साथ दो गिरफ्तार
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network
मुर्शिदाबाद के समशेरगंज में पुलिस ने ऑटो-मजिक से 10 देशी पिस्टल और 10 जिंदा गोलियां बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया.
प्रतिनिधि, फरक्का: मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना पुलिस ने रविवार दोपहर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 10 देशी पिस्टल और 10 जिंदा गोलियों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने हथियारों के साथ ऑटो-मजिक वाहन को भी जब्त किया है.
सूचना मिलते ही पुलिस ने रोका वाहन
पुलिस के अनुसार रविवार को सूचना मिली थी कि दो युवक ऑटो-मजिक वाहन में हथियार लेकर फरक्का की ओर जा रहे हैं. सूचना के बाद समशेरगंज थाना पुलिस सक्रिय हुई.
पुलिस ने फरक्का थाना क्षेत्र की सीमा से सटे तारापुर अस्पताल के समीप 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान ऑटो-मजिक से 10 देशी पिस्टल और 10 जिंदा गोलियां बरामद हुईं.
मालदा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने मौके से दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मालदा जिले के बैष्णवनगर थाना क्षेत्र निवासी विश्वजीत मंडल और अक्षय मंडल के रूप में हुई है.
पुलिस ने हथियारों के साथ इस्तेमाल किये जा रहे ऑटो-मजिक वाहन को भी जब्त कर लिया है.
पुलिस रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
मामले की जानकारी समशेरगंज थाना के आईसी कुणाल कांति दास की मौजूदगी में आयोजित प्रेसवार्ता में जंगीपुर के एडिशनल एसपी सजल कांति विश्वास और फरक्का एसडीपीओ दीपेंद्र तामांग ने दी.
अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रविवार को विशेष न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा. रिमांड के दौरान हथियारों के स्रोत, गंतव्य और मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जाएगी.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए