चावल में निकला कीड़ा, सेविकाओं ने लेने से किया इंकार

Updated:
विज्ञापन
चावल में निकला कीड़ा, सेविकाओं ने लेने से किया इंकार

बोरियां टोटो पर लोड करने के बाद भी उतार दीं.

विज्ञापन

राजमहल

प्रखंड के सेक्टर 5, 6 व 7 की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने एसएफसीआइ गोदाम पहुंच आपूर्ति किए गए चावल को लेने से साफ इनकार कर दिया. सेविकाएं रंभा बेवा, किरण भारती, सुमित्रा बेवा, मंजू देवी, रीना देवी, रीता मंडल, गीता मंडल, सांध्य सेन गुप्ता, पूर्णिमा देवी, अनीता देवी, महारानी देवी, मीरा देवी, मोनिका देवी, सुहागिनी मुर्मू, सावित्री देवी व सुलेखा देवी ने आरोप लगाया कि चावल में कीड़े लगे थे और वे बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं कर सकती हैं. जानकारी के अनुसार, केंद्र पर पहुंचे चावल की गुणवत्ता बेहद खराब थी. जैसे ही बोरा खोला गया, उसमें कीड़े दिखाई देने लगे. इस पर सेविकाओं ने तत्काल विरोध जताते हुए चावल को वापस करने की मांग की. उनका कहना था कि आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए भोजन तैयार किया जाता है, ऐसे में खराब अनाज का उपयोग करना पूरी तरह गलत है. सेविका किरण भारती ने बताया कि सभी बोरियों में कीड़े लगे थे. विरोध करने पर गोदाम कर्मियों द्वारा कहा गया कि आंगनबाड़ी के लिए यही चावल आता है, लेना हो तो लें. सेविकाओं ने बताया कि उन्होंने चावल की बोरियां टोटो पर लोड करने के बाद भी उतार दीं. उन्होंने कहा कि टोटो-टेंपो का भाड़ा देकर आने-जाने में उन्हें परेशानी होती है.

क्या कहते हैं एजीएम

आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जो आवंटन वर्तमान में गोदाम में पहुंचा है, उसी में कीड़े पाये गए हैं. जैसे ही नया स्टॉक पहुंचेगा, सेविकाओं को बेहतर गुणवत्ता वाला चावल उपलब्ध कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि स्टेज-वन के दौरान चावल को गेहूं के पास रखा गया था. गेहूं खराब हो जाने के कारण उसे वापस कर दिया गया. यह चावल डीलरों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए निर्धारित था. डीलरों को आपूर्ति की जा चुकी है, जबकि आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजा जाना बाकी था. उन्होंने कहा कि यदि सेविकाएं यह चावल नहीं लेती हैं, तो वे दो दिन बाद आकर ताजा चावल प्राप्त कर सकती हैं.

मनोज दास, एजीएम

क्या कहते हैं सीडीपीओ

आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा उन्हें फोन कर खराब और कीड़ा लगा चावल वितरण की सूचना दी गयी थी. उन्होंने कहा कि यदि गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो रही है, तो ऐसे चावल को नहीं लेने के निर्देश सेविकाओं को दिये गये हैं. मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है.

दानिश हुसैन, सीडीपीओ

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola