जरूरतमंदों तक पहुंचायें विकास योजनाओं का लाभ : सांसद

Updated:
विज्ञापन
जरूरतमंदों तक पहुंचायें विकास योजनाओं का लाभ : सांसद

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

विज्ञापन

साहिबगंज

समाहरणालय सभागार में सोमवार को सांसद सह जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी. बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना, उनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की पहचान करना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना था. बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही. जिला प्रशासन से सभी विधायक एवं सांसद का मेमेंटो देकर स्वागत किया गया. बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा. समाधान के लिए सुझाव दिए. राजमहल विधायक ने अनुमंडल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा के अभाव का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि चिकित्सक की कमी के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है. इस पर सांसद ने डीएमएफटी मद से चिकित्सक की नियुक्ति करने का निर्देश दिया. वहीं बरहेट विधायक प्रतिनिधि सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने कहा कि जिले में नियुक्त चिकित्सक कुछ ही महीनों में त्यागपत्र दे देते हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं. इस पर चिकित्सकों के लिए कम से कम दो वर्षों का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने का सुझाव दिया गया. बैठक में निर्देश दिया गया कि राजमहल अनुमंडल अस्पताल में 20 अप्रैल तक अल्ट्रासाउंड सेवा और बेड साइड ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. पाकुड़ विधायक ने अपने क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड और महिला चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया, जिस पर सांसद ने राज्य स्वास्थ्य विभाग को पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. जल जीवन मिशन के तहत सोलर पंपों की मरम्मत पर भी चर्चा हुई. सांसद ने बताया कि जिले में तीन मरम्मत केंद्र स्थापित किये गये हैं. साथ ही खराब चापानल, बोरिंग और जलमीनार का सर्वे कर जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिया गया. जरेडा द्वारा लगाये गये सोलर लाइटों के खराब होने का मुद्दा भी उठा, जिस पर विभाग को त्वरित मरम्मत के निर्देश दिये गये. पाकुड़ विधायक ने कोटालपोखर के श्रीकुंड में अतिक्रमण का मामला उठाया, जिस पर प्रशासन को कार्रवाई करने को कहा गया. वहीं बरहेट विधायक प्रतिनिधि ने शहर में बढ़ते जाम को देखते हुए स्ट्रीट वेंडरों को वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया. बैठक में सांसद ने सभी विभागों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. अंत में उन्होंने सभी को समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया. मौके पर राजमहल विधायक एमटी राजा, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, पाकुड़ विधायक निसात आलम, झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा, जिला परिषद अध्यक्षा मोनिका किस्कू, डीसी हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, डीडीसी सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आइटीडीए संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता गौतम भगत, नप अध्यक्ष रामानाथ पासवान आदि मौजूद थे.

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola