Ranchi News : वाहन चेकिंग में पकड़ा गया दुष्कर्म केस का आरोपी

Published by : SHRAWAN KUMAR Updated At : 13 Apr 2025 12:21 AM

विज्ञापन

युवती को रांची लाकर दुष्कर्म करने का आरोप, चतरा में दर्ज हुआ था केस

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, रांची. चतरा जिला के सदर थाना क्षेत्र निवासी युवती से दुष्कर्म के आरोप में चतरा पुलिस की टीम ने आरोपी कमलदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया है. उसे पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का के समीप से गिरफ्तार किया गया. आरोपी भी चतरा के सदर थाना क्षेत्र का रहनेवाला है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को लेकर चतरा चली गयी. आरोपी के खिलाफ युवती ने दो अप्रैल को चतरा के सदर थाना में केस दर्ज कराया था. केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था. जानकारी के अनुसार आरोपी को ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को ट्रैफिक नियम का उल्लंघन कर वाहन चलाने के आरोप में पकड़ा था. उस पर जुर्माना लगाया गया था, लेकिन उसने जुर्माना नहीं भरा था. इस वजह से ट्रैफिक पुलिस ने उसकी कार को जांच के लिए अपने पास रख लिया था. इस बीच युवक के कार के पकड़े जाने की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी. इस बात की सूचना चतरा पुलिस को भी मिली. चतरा में आरोपी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में युवती ने आरोपी की कार के नंबर के बारे में भी जानकारी दी थी. इसके बाद चतरा पुलिस ने रांची ट्रैफिक पुलिस से संपर्क किया. शनिवार को जब आरोपी फाइन भरने के लिए पहुंचा, तब चतरा पुलिस की टीम ने ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से उसे पकड़ लिया. फरवरी में युवती को लेकर आया था रांची दर्ज प्राथमिकी में युवती ने पुलिस को जानकारी दी थी कि आरोपी पहले उससे छेड़खानी करता था और शादी के लिए कहता था. लेकिन जब इस बात की जानकारी युवती ने परिवार के सदस्यों को दी, तब गांव में पंचायत की बैठक हुई. इसमें आरोपी ने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया. लेकिन सात मार्च 2025 को युवती जब अपने घर से बाहर निकली, तब आरोपी जबरन युवती को अपनी कार में बैठाकर रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक किराये के मकान में ले आया. यहां उसने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया. आरोपी युवती को लेकर फरवरी माह में रांची आया था. फिर उसने एक सप्ताह बाद उसे चतरा छोड़ दिया था. युवती के गायब रहने पर युवती के पिता ने गुमशुदगी का सनहा भी दर्ज कराया था. पीड़ित युवती के अनुसार वह वर्तमान में दो माह की गर्भवती है. जब इस बात की जानकारी आरोपी को मिली, तो उसने युवती के साथ मारपीट की और उसे गर्भपात कराने के लिए कहा. जब युवती ने इससे इंकार कर दिया, तब आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHRAWAN KUMAR

लेखक के बारे में

By SHRAWAN KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola