झारखंड के आठ जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, रांची में छाये रहेंगे बादल

बारिश. (AI Image)
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड के लगभग सभी जिले प्रभावित होंगे. 12, 13 और 14 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. रांची सहित अन्य जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना है.
Jharkhand Weather: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र से साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड के लगभग सभी जिला प्रभावित होंगे. 12 जुलाई को जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज व पाकुड़ में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है. जबकि रांची सहित अन्य जिलों में बादल छाये रहेंगे. कहीं-कहीं एक से दो बार हल्की बारिश हो सकती है.
13-14 जुलाई को इन जिलों में बारिश
13 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज व पाकुड़ में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गयी है. अन्य जिलों में बादल छाये रहने व मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है. 14 जुलाई को चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज व पाकुड़ में भारी बारिश और वज्रपात हो सकता है, जबकि रांची सहित अन्य जिलों में बादल छाये रहेंगे. कहीं-कहीं वज्रपात के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है.
वज्रपात से गुमला जिले में दो की मौत
शनिवार को गुमला जिले के बसिया अनुमंडल क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से सिसई थाना क्षेत्र के छारदा गांव निवासी 65 वर्षीय शिव व्रत गोप और बसिया थाना के महाराजगंज गांव निवासी 24 वर्षीय सुजीता कुमारी की मौत हो गयी है.
रांची का तापमान 28.1 डिग्री
शनिवार को रांची में एक मिमी, हजारीबाग में एक मिमी, गुमला में 4.5 मिमी, लोहरदगा में दो मिमी व सिमडेगा में एक मिमी बारिश हुई. रांची का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का 33.4, मेदिनीनगर का 32.5, बोकारो का 32.1 व चाईबासा का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
झारखंड में 36 व रांची में 13% कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक जून से 11 जुलाई 2026 तक झारखंड में सामान्य से 36% तथा रांची में 13% कम बारिश हुई है. रांची में सामान्य वर्षापात 308.3 मिमी है, जबकि अब तक 263.6 मिमी बारिश हुई है. वहीं मेदिनीनगर में अब भी 40% और गढ़वा में 75% कम बारिश हुई है.
यह भी पढ़ें- जनता के हितों के आगे झुक गए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, 24 घंटे के अंदर खुला गुमला नगर परिषद का ताला
यह भी पढ़ें- रामगढ़ की चुटूपालु घाटी में बड़ा हादसा टला, ओवरटेक कर रहे ट्रेलर ने दो कार को मारी टक्कर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










