Rajya Sabha Election: कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने खरीदा नामांकन पत्र, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर रहे मौजूद

Updated:
विज्ञापन

नामांकन पत्र के साथ कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा (बीच में). फोटो: प्रभात खबर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Rajya Sabha Election: झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने नामांकन पत्र खरीद लिया है. इस मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. विधानसभा में संख्या बल के आधार पर इंडिया गठबंधन दोनों सीटों पर मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

रांची से सतीश सिंह की रिपोर्ट

Rajya Sabha Election: झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार प्रणव झा ने शनिवार को नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत करते हुए नामांकन पत्र खरीद लिया. इस दौरान झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे. राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के भीतर गतिविधियां तेज हो गई हैं और उम्मीदवारों की ओर से नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

विज्ञापन

एआईसीसी सचिव प्रणव झा को कांग्रेस ने बनाया उम्मीदवार

कांग्रेस पार्टी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के करीबी माने जाने वाले प्रणव झा को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए उनके नाम पर मुहर लगाई थी. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठनात्मक अनुभव और लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के कारण प्रणव झा राज्यसभा में कांग्रेस का प्रभावी प्रतिनिधित्व करेंगे.

नामांकन पत्र खरीदने के दौरान कई नेता रहे मौजूद

नामांकन पत्र खरीदने के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, रियाज अंसारी, सुल्तान अहमद और उज्ज्वल प्रकाश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित रहे.

राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की स्थिति मजबूत

मौजूदा विधानसभा संख्या बल को देखते हुए राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है. 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में महागठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का समर्थन है, जो दोनों सीटों पर जीत के लिए पर्याप्त माना जा रहा है. इंडिया गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पास 34 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 16 सीटें हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पास 4 और भाकपा माले के पास 2 विधायक हैं. इस प्रकार गठबंधन की कुल संख्या 56 तक पहुंचती है.

एनडीए के पास 24 विधायकों का समर्थन

दूसरी ओर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पास कुल 24 विधायक हैं. इनमें भारतीय जनता पार्टी के 21 विधायक शामिल हैं, जबकि आजसू, जनता दल यूनाइटेड और लोक जनशक्ति पार्टी के पास एक-एक विधायक है. इसके अतिरिक्त झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के अध्यक्ष जयराम महतो के पास एक सीट है.

इसे भी पढ़ें: झामुमो ने बैद्यनाथ राम को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, दूसरे प्रत्याशी की घोषणा बाकी

दोनों सीटों पर जीत की उम्मीद

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मौजूदा संख्या बल के आधार पर इंडिया गठबंधन दोनों राज्यसभा सीटों पर जीत दर्ज करने की मजबूत स्थिति में है. कांग्रेस द्वारा प्रणव झा को उम्मीदवार बनाए जाने और नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है. आने वाले दिनों में अन्य दलों के उम्मीदवारों के नामांकन के साथ चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें: Rajya Sabha Election: झारखंड में महागठबंधन में बढ़ी तकरार, दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा झामुमो

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola