रांची में ही होगा भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट, JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने प्रभात खबर को BCCI मीटिंग की बताई पूरी बात
JSCA सचिव सौरभ तिवारी (फोटो- सोशल मीडिया)
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फरवरी 2027 में होने वाले टेस्ट मैच के वेन्यू को लेकर अटकलों के बीच JSCA सचिव सौरभ तिवारी ने स्पष्ट किया है कि रांची से टेस्ट हटाए जाने की कोई आधिकारिक सूचना उन्हें नहीं मिली है. बीसीसीआई के कार्यक्रम के अनुसार, चौथा टेस्ट रांची में ही निर्धारित है.
Prabhat Khabar Exclusive: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फरवरी 2027 में होने वाले टेस्ट मैच के वेन्यू को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रभात खबर ने जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी से बात की. रांची से टेस्ट मैच हटाए जाने की खबरों पर तिवारी ने कहा कि उन्हें इस संबंध में अब तक कोई पत्र नहीं मिला है.
सौरभ तिवारी ने साफ कहा कि जेएससीए के पास रांची टेस्ट का वेन्यू बदलने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है. बीसीसीआई के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 19 से 23 फरवरी 2027 तक रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होना है.
प्रभात खबर के सवाल पर सौरभ तिवारी का जवाब
रांची टेस्ट को दूसरे शहर में शिफ्ट किए जाने की खबरों के बीच जब प्रभात खबर ने JSCA सचिव सौरभ तिवारी से इस संबंध में जानकारी ली, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह का कोई पत्र नहीं मिला है.
तिवारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर बीसीसीआई की ओर से जेएससीए को वेन्यू बदलने को लेकर कोई आधिकारिक पत्र भेजा गया है, तो वह सचिव होने के नाते उनके पास आना चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि JSCA की वार्षिक आम बैठक में भी रांची से भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट हटाने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है.
BCCI सचिव सैकिया ने भी खारिज की वेन्यू बदलने की खबर

जेएससीए सचिव के बयान के बाद अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी रांची टेस्ट का आयोजन स्थल बदले जाने की खबरों को खारिज किया है. सैकिया ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह मुकाबला 19 से 23 फरवरी 2027 तक रांची में ही निर्धारित है.
सैकिया ने कहा कि टेस्ट मैच अभी करीब छह महीने बाद खेला जाना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि रांची टेस्ट का आयोजन स्थल बदलने को लेकर बीसीसीआई को कोई अनुरोध नहीं मिला है.
ये भी पढ़ें: रांची में भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच: कब से मिलेगा टिकट? बुकिंग का डेट आया सामने
रांची टेस्ट को लेकर चर्चा क्यों शुरू हुई?
दरअसल, पिछले दिनों कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि फरवरी में रांची में जल्दी अंधेरा होने की वजह से टेस्ट मैच के दौरान निर्धारित 90 ओवर पूरे कराने में परेशानी हो सकती है. इसी को लेकर वेन्यू में बदलाव की संभावना की चर्चा सामने आयी. कुछ मीडिया रिपोर्टों में रांची की जगह दूसरे शहरों पर विचार किए जाने की बात कही गयी. हालांकि, एजीएम में रांची टेस्ट को लेकर कोई बात नहीं हुई.
भारत-ऑस्ट्रेलिया का चौथा टेस्ट रांची में

बीसीसीआई ने भारत के 2026-27 घरेलू सत्र के कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज के लिए रांची को चौथे टेस्ट की मेजबानी दी है. कार्यक्रम के मुताबिक मुकाबला 19 से 23 फरवरी 2027 तक खेला जाना है और मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा.
भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल
| टेस्ट | तारीख | वेन्यू |
| पहला टेस्ट | 21-25 जनवरी 2027 | नागपुर |
| दूसरा टेस्ट | 29 जनवरी-2 फरवरी 2027 | चेन्नई |
| तीसरा टेस्ट | 11-15 फरवरी 2027 | गुवाहाटी |
| चौथा टेस्ट | 19-23 फरवरी 2027 | रांची |
| पांचवां टेस्ट | 27 फरवरी-3 मार्च 2027 | अहमदाबाद |
10 साल बाद रांची में फिर भिड़ेंगी भारत-ऑस्ट्रेलिया
रांची को 2027 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट की मेजबानी मिली है. इससे पहले रांची में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच 2017 में खेला गया था, जो ड्रॉ रहा था. अब करीब 10 साल बाद दोनों टीमें एक बार फिर इस मैदान पर टेस्ट में आमने-सामने होने वाली हैं.
ये भी पढ़ें: झारखंड के क्रिकेट फैंस के लिए बुरी खबर: रांची से छिन सकती है ऑस्ट्रेलिया टेस्ट की मेजबानी?
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए