Champai Soren के BJP में शामिल होने की घोषणा के बाद आई JMM की पहली प्रतिक्रिया, कहा-पार्टी ने दिया है सम्मान
Published by : Kunal Kishore Updated At : 27 Aug 2024 5:54 PM
हेमंत सोरेन, चंपाई सोरेन.
चंपाई सोरन ने सोमवार रात गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की. उन्होंने आज घोषणा कर दी कि वह बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं. इस मामले में झामुमो की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है.
Champai Soren : पूर्व सीएम और झामुमो नेता चंपाई सोरेन ने आज सामने आकर बीजेपी में शामिल होने की घोषणा कर दी. चंपाई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने की घोषणा के बाद झामुमो की पहली प्रतिक्रिया आई है. झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने इसे आत्मघाती कदम बताया है. उन्होंने कहा कि अगर चंपाई सोरेन को किसी बात को लेकर नाराजगी थी तो उन्हें बात करनी चाहिए थी.
चंपाई का बीजेपी में शामिल होना आत्मघाती कदम
झामुमो महासचिव विनोद पांडे ने चंपाई सोरेन द्वारा बीजेपी में शामिल होने की घोषणा के बाद कहा कि चंपाई सोरेन के लिए बीजेपी में शामिल होना आत्मघाती साबित होगा. चंपाई सोरेन की कथित नाराजगी के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगर वह किसी बात को लेकर नाराज थे तो उन्हें पार्टी में चर्चा करनी थी. विनोद पांडे ने तंज कसते हुए कहा कि संगठन व्यक्ति विशेष से नहीं चलता. किसी भी स्तर का कार्यकर्ता सिर्फ सहयोग करता है.
हेमंत सोरेन ने चंपाई सोरेन से बात करने का किया था प्रयास : झामुमो
विनोद पांडे ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन ने चंपाई सोरेन से जमशेदपुर में एक निजी कार्यक्रम में बात करनी चाही लेकिन चंपाई दा से बात नहीं हो सकी. चंपाई दा ने अबतक झामुमो से इस्तीफा नहीं दिया.
चंपाई के बीजेपी में जाने के फैसले से झामुमो कार्यकर्ताओ में नाराजगी
विनोद पांडे ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता होने के नाते हम चाहते हैं कि चंपाई सोरेन बीजेपी में जाने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करें. उनके इस फैसले से झामुमो कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी है. चंपाई सोरेन को जिस पार्टी ने इतना सम्मान दिया उन्हें कम से कम इसका सम्मान रखना चाहिए था. पांडे ने कहा कि पार्टी के सभी बड़े कार्यकर्ताओं ने प्रयास किया कि वह पार्टी न छोड़े.
सोमवार रात चंपाई सोरेन ने अमित शाह से की थी मुलाकात
चंपाई सोरेन ने सोमवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिलने के बाद बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की है. वहीं सोमवार रात असम के सीएम हिमांता बिस्वा सरमा ने अपने एक्स हैंडल से जानकारी दी कि चंपाई सोरेन 30 अगस्त को रांची में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Kunal Kishore
कुणाल ने IIMC , नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा की डिग्री ली है. फिलहाल, वह प्रभात खबर में झारखंड डेस्क पर कार्यरत हैं, जहां वे बतौर कॉपी राइटर अपने पत्रकारीय कौशल को धार दे रहे हैं. उनकी रुचि विदेश मामलों, अंतरराष्ट्रीय संबंध, खेल और राष्ट्रीय राजनीति में है. कुणाल को घूमने-फिरने के साथ पढ़ना-लिखना काफी पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










