कांग्रेस नेता अजय कुमार के विवादित टिप्पणी से गुस्से में भाजपा, अर्जुन मुंडा बोले- देश से माफी मांगे
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 14 Jul 2022 6:47 AM
कांग्रेस नेता डॉ अजय कुमार ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ विवादास्पद बयान दिया है. जिसे लेकर भाजपा गुस्से में हैं. भाजपा नेताओं ने डॉ अजय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है
रांची : कांग्रेस नेता डॉ अजय कुमार की विवादित टिपन्नी के बाद झारखंड के भाजपा नेताओं में आक्रोश है. अर्जुन मुंडा ने कहा है कि कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए. तो वहीं दीपक प्रकाश ने कहा कि ये 11 करोड़ आदिवासियों का अपमान है. गौरतलब है कि कांग्रेस नेता डॉ अजय कुमार ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ विवादास्पद बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि द्रौपदी मुर्मू भारत के शैतानी दर्शन(very evil philosophy) का प्रतिनिधित्व करती हैं. हमें उन्हें आदिवासियों का प्रतीक नहीं बनाना चाहिए.
कांग्रेस नेता के इस बयान से भाजपा आक्रोशित है. भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की सोच बताया है और द्रौपदी मुर्मू का अपमान कहा है. हालांकि बाद में डॉ अजय कुमार ने कहा कि भाजपा द्वारा उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है. जिस संदर्भ में उन्होंने बयान दिया है, वह अलग है. इधर ट्वीटर पर कांग्रेस नेता का बयान और भाजपा की प्रतिक्रिया ट्रेंड कर रही है.
समाचार एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए कांग्रेस नेता डॉ अजय कुमार ने कहा कि यशवंत सिन्हा अच्छे उम्मीदवार हैं, द्रौपदी मुर्मू एक सभ्य व्यक्ति हैं, लेकिन वह भारत के शैतानी दर्शन का प्रतिनिधित्व करती हैं. हमें उन्हें आदिवासियों का प्रतीक नहीं बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति हैं, लेकिन एससी पर अत्याचार हो रहे हैं. लोगों को बेवकूफ बना रही है मोदी सरकार.
इधर, डॉ अजय कुमार ने इस मामले में भाजपा आइटी सेल पर आरोप लगाते हुए कहा है कि सोची-समझी साजिश के तहत यह काम किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि मेरे बयान को काट-छांट कर भाजपा का आइटी सेल सत्य को नहीं बदल सकता. उन्होंने कहा कि स्वयं को आदिवासियों का चिंतक बतानेवाली भाजपा ने आदिवासी समाज के लिए कार्य करनेवाले फादर स्टैन स्वामी के साथ क्या सलूक किया, यह किसी से छिपा नहीं है. उन्होंने इस मामले में स्मृति ईरानी से भी सवाल किया है कि अब आदिवासी विरोधी कौन है, यह बताना चाहिए.
इधर भाजपा आइटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने डॉ कुमार का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया, तब इसके पीछे की सोच आदिवासी समाज को सशक्त बनाने की है. वहीं, कांग्रेस नेता उन्हें शैतानी सोच वाले कह रहे हैं कि क्योंकि द्रौपदी आदिवासी समाज से आती हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी बात करते हुए कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए.
यशवंत सिन्हा अच्छे उम्मीदवार हैं, द्रौपदी मुर्मू एक सभ्य व्यक्ति हैं ,लेकिन वह भारत के शैतानी दर्शन(very evil philosophy) का प्रतिनिधित्व करती हैं. हमें उन्हें आदिवासियों का प्रतीक नहीं बनाना चाहिए. राम नाथ कोविंद राष्ट्रपति हैं , लेकिन एससी पर अत्याचार हो रहे हैं. लोगों को बेवकूफ बना रही है मोदी सरकार
पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो ने कहा कि आदिवासी महिला पर बड़ा लांछन है. यह उनका अपमान है और सामाजिक समरसता तोड़ने का प्रयास है. इससे आदिवासी समाज को लेकर कांग्रेस का दृष्टिकोण स्पष्ट हो गया है. उन्होंने झामुमो से अपील की है कि कांग्रेस से अपने को अलग कर चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करें. उन्होंने कहा कि डॉ अजय स्पष्ट करें कि राजनीति में शैतानी विचारधारा क्या होती है?
केंद्रीय मंत्री अर्जुुन मुंडा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ अजय कुमार के बयान पर प्रतिक्रिया दी है. कहा है कि आदिवासी वर्ग के एक व्यक्ति को राष्ट्रपति पद के लिए मनोनीत किये जाने से कांग्रेस निराश और परेशान हैं. ऐसे बयानों के लिए कांग्रेस पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता का बयान कांग्रेस की संस्कृति को दर्शाता है कि कैसे उन्होंने आदिवासियों को अब तक पिछड़ा बनाये रखने का षड्यंत्र रचा. लेकिन आज जब एक आदिवासी महिला देश के सर्वोच्च पद पर विराजमान होने जा रही हैं, तो उन्हें यह पच नहीं रहा है. ऐसा बयान देकर कांग्रेस देश के 11 करोड़ आदिवासियों का अपमान कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










