झारखंड में AI से होगी खनिजों की खोज, लिथियम और यूरेनियम पर नजर, 15 नए मिनरल ब्लॉक नीलामी को तैयार
झारखंड में AI से होगी खनिजों की खोज, प्रतीकात्मक फोटो
झारखंड में खनिजों की खोज का तरीका बदलने वाला है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर नए खनिज भंडारों की पहचान की जाएगी. राज्य 15 प्रमुख खनिज ब्लॉकों की नीलामी की तैयारी में है.
रांची : झारखंड में खनिजों की खोज और खनन का पारंपरिक तरीका अब पूरी तरह बदलने जा रहा है. राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) जैसी आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से नए खनिज भंडारों की पहचान और माइन प्लानिंग की जाएगी. रांची के होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित 'झारखंड राज्य भूतात्विक कार्यक्रम पर्षद' की 30वीं बैठक में इस आधुनिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने भू-वैज्ञानिक आंकड़ों के विश्लेषण और नए खनिज क्षेत्रों की खोज में डिजिटल तकनीक की उपयोगिता पर प्रकाश डाला.
कोयले के बाद की अर्थव्यवस्था पर सोचना जरूरी: खान सचिव
बैठक की अध्यक्षता करते हुए खान सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों की खोज करने वाले तकनीकी विशेषज्ञ ही राज्य के भविष्य की दिशा तय करेंगे. इसलिए अन्वेषण से लेकर खनन और खनिजों के आर्थिक उपयोग तक पूरी प्रक्रिया को नई तकनीक के अनुरूप ढालना अनिवार्य है. उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य को अभी से यह तय करना होगा कि कोयले के खत्म होने के बाद झारखंड की अर्थव्यवस्था किस दिशा में आगे बढ़ेगी. खान सचिव ने जानकारी दी कि आज पूरी दुनिया में क्रिटिकल मिनरल्स की भारी मांग है और हाल के महीनों में अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी की अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने झारखंड में गहरी रुचि दिखाई है. भविष्य की जरूरतों को देखते हुए राज्य में लिथियम, यूरेनियम, टाइटेनियम और वैनेडियम जैसे रेयर अर्थ एलिमेंट्स की खोज पर विशेष जोर दिया जा रहा है. AI की मदद से पुराने और नए भू-वैज्ञानिक डेटा का कम समय में सटीक विश्लेषण संभव हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: रांची: जिस जलमीनार को तोड़ने पहुंचे थे मजदूर, वही बनी मौत का कारण; मलबे में दबकर दो की मौत
15 प्रमुख मिनरल ब्लॉक नीलामी के लिए पूरी तरह तैयार
पर्षद के सचिव सह भूतत्व निदेशक अमिताभ कुमार ने जानकारी दी कि संबंधित विभाग (DMG) द्वारा सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद राज्य के 15 प्रमुख खनिज ब्लॉकों को नीलामी के लिए तैयार कर लिया गया है. इन ब्लॉकों में रांची का चुरी लाइमस्टोन ब्लॉक, रामगढ़ के हरिहरपुर-लेम-बिचा व पियरतांड़ लाइमस्टोन ब्लॉक, पूर्वी सिंहभूम का सोना ब्लॉक, सरायकेला-खरसावां के विभिन्न गोल्ड ब्लॉक तथा गिरिडीह का बरगंडा कॉपर व गंसासार-लुप्पी बेस मेटल ब्लॉक शामिल हैं. इसके अतिरिक्त पश्चिमी सिंहभूम के घटकुरी आयरन ओर ब्लॉक-I, घटकुरी आयरन ओर ब्लॉक-II और बंधबुरू आयरन ओर ब्लॉक भी नीलामी प्रक्रिया के लिए शामिल किए गए हैं.
ये भी पढ़ें: आधिकारिक Answer Key से मिलाया फिर भी काटा 1 नंबर, JSSC के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची अभ्यर्थी, मिली राहत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए